किच्छा में परिजनों की डांट के डर से दो छात्र घर से भाग गए। पुलिस और अभिभावकों के प्रयासों से दोनों को मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर सकुशल बरामद कर लिया गया।
आवास विकास कालोनी और उत्तरांचल कॉलोनी निवासी दो छात्र किशनपुर के एक स्कूल में नौवीं के छात्र हैं। सोमवार को स्कूल समय में शिक्षक ने दोनों को बाजार में घूमते देखा। मंगलवार को जब दोनों स्कूल पहुंचे तो शिक्षकों ने अभिभावकों को बुलाकर लाने को कहा। इस पर दोनों ने वापस आकर परिजनों की डांट के डर से भागकर मुंबई जाने की योजना बनाई। भागकर लालकुआं पहुंचने पर दोनों ने मोबाइल से एक दोस्त को योजना की जानकारी दी। दोस्त ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों को दी। इस पर परिजनों ने पुलिस से संपर्क साधकर दोनों की बरामदगी की गुहार लगाई। इसके बाद सीओ हिमांशु शाह ने मुरादाबाद की जीआरपी से संपर्क साधा। एसएसआई मदन मोहन जोशी ने बताया कि मंगलवार देर रात जीआरपी कर्मियों ने मुरादाबाद में रानीखेत एक्सप्रेस से दोनों को उतार लिया। बाद में दोनों छात्रों को परिजनों को सौंप दिया।