काशीपुर। बंद पड़ी काशीपुर शुगर मिल की मशीनों से लोहा चोरी करते एक युवक को वहां तैनात एपी गारद ने मौके से धर दबोचा। गारद ने उसके कब्जे से मशीनों से काटा गया चार कट्टे लोहा बरामद कर लिया है।
कांस्टेबल की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मिल में बंदी के बाद से वहां रखी मशीनों व अन्य संपत्तियों की सुरक्षा के लिए आर्म्स पुलिस के जवान व होमगार्ड तैनात किए गए हैं।
इसके बावजूद वहां से छह-सात बार चोरी की वारदातें हो चुकी है। सोमवार की रात एपी गारद के कांस्टेबल दर्शन सिंह व कांस्टेबल असलम ड्यूटी पर थे। मंगलवार की सुबह करीब चार बजे मिल में मशीनों से लोहा काटे जाने की आवाज सुनाई दी।
गारद में तैनात कांस्टेबलों ने लोहा काटते एक युवक को रंगे हाथों धर दबोचा। कांस्टेबल दर्शन सिंह की ओर से कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।