जसपुर। कश्मीर से धार्मिक शिक्षा हासिल करने आए छात्र कीटनाशक पिलाने के बाद गला घोंटकर उसकी हत्या की गई थी। पुलिस जांच में इसका खुलासा हो गया है। पुलिस ने नामजद महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को छात्र के फांसी पर लटकाये जाने का कोई साक्ष्य नहीं मिला।
मृतक छात्र के साथी शाहिद अहमद पुत्र मोहम्मद मकबूल निवासी पहलगांव, जिला अनन्तनाग कश्मीर ने बुधवार को रिपोर्ट दर्ज करायी थी। आरोप था कि उसका साथी एजाज अहमद (24) पुत्र गुलाम नबी निवासी ग्राम लाडरा, बारमूला, कश्मीर चार साल से मदरसे में रहकर मौलवियत की पढ़ाई कर रहा था। उसका मौहल्ला छीपियान निवासी एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसी बात को लेकर युवती के बहनोई की एजाज से कई बार झड़प हो चुकी थी। आरोप था कि पांच सितंबर की शाम तीन बजे मदरसे से युवती की बड़ी बहन मौहल्ला छीपियान निवासी खदीजा खातून ने उसे घर बुलाकर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी।
उसने युवती व अन्य अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया था। एसएसआई कमलेश भट्ट ने बताया कि अब तक की जांच में छात्र के फांसी पर लटकने का कोई साक्ष्य नहीं मिला है। जांच में पता चला कि छात्र की बिस्तर पर ही हत्या की गयी है। पुलिस हत्या में प्रयुक्त रस्सी बरामद करने के प्रयास में जुटी है। सूत्रों की माने तो घटना में नामजद युवती ने ही छात्र को कोल्ड ड्रिंक में कीटनाशक पिलाकर उसके बाद घोंट दिया। मृतक के गले पर अंगुलियों के निशान मिले हैं। आरोपी की एक अंगुली छोटी है, जिससे उसकी संलिप्तता की पुष्टि हुई।