सितारगंज। शहर के एक राइस मिलर्स से फोन पर दस लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। रंगदारी नहीं देने पर आरोपी मिल को जलाने की धमकी भी दे रहा था।
इस मामले में राईस मिलर्स यूनियन के सदस्यों ने एसएसपी बरिंदरजीत सिंह से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। सीओ सुरजीत सिंह पवार और कोतवाल संजय कुमार ने खुलासा करते हुए बताया कि राईस मिलर रितेश कुमार गोयल की तहरीर पर रंगदारी मांगने के मामले में धारा 384 रंगदारी, 506 जान से मारने की धमकी के तहत राशिद निवासी धुंधरी थाना अमरिया जिला पीलीभीत को सरकड़ा पुलिस चौकी क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि राईस मिलर्स ने चावल के 50 लाख रुपये किसी व्यापारी से लेने थे। इसका फायदा उठाकर राशिद दस लाख रुपये की रंगदारी मांग रहा था। खुलासा करने पर राईस मिलर्स यूनियन के शिव कुमार मित्तल ने पुलिस टीम को 21 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
पुलिस टीम में एसएसआई मदन मोहन जोशी, अमित शर्मा, जगदीश सिंह, अमित मलिक, जगदीश ढकरियाल, अशोक कांडपाल, प्रकाश भगत, संतोष सिंह मौजूद रहे।