काशीपुर। करीब डेढ़ लाख रुपये की ठगी का प्रयास कर रहे एक तांत्रिक के शिष्य को लोगों ने धर दबोचा और उसे काशीपुर लाकर एएसपी के समक्ष पेश किया। एएसपी ने पीड़ित पक्ष की व्यथा सुनने के बाद आरोपी व्यक्ति को आईटीआई थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
ग्राम गिरधई मुंशी निवासी किसान नेता कल्याण सिंह के पुत्र खुशाल सिंह का स्वास्थ्य पिछले कुछ समय से खराब चला आ रहा था। पांच दिन पूर्व उसके घर पहुंचे जसपुर निवासी पंडित ने कल्याण की पत्नी से पिता-पुत्र को पूजा के लिए जसपुर भेजने को कहा। जसपुर में पंडित ने साधु वेशधारी एक व्यक्ति का परिचय अपने गुरू ओघड़ बाबा के रुप में कराया। यहां उक्त बाबा ने उनसे साढ़े छह हजार रुपये ऐंठ लिए। इसके बाद दोनों को पूजा के लिए चांदपुर बुलाया। वहां साधु और उसका शिष्य पिता-पुत्र को एक अंधेरे कमरे में ले गए।
यहां पिता-पुत्र को एक डरावनी छवि दिखाई गई। इस दौरान उन्हें एक महिला की आवाज सुनाई दी, जो स्वयं को प्रेतात्मा बताते हुए पांच तौले सोने से उसकी जैसी मूरत बनाकर चढ़ाने पर ही खुशाल का पीछा छोड़ने की बात कह रही थी। इस पर ढोंगी साधू ने कहा कि महिला की छवि उसकी नजरों में है। उसने पांच तौले सोना ला दो तो मै खुद मूर्ति बनाकर चढ़ा दूंगा। साधू ने इसके लिए डेढ़ लाख रुपये की मांग की। मंगलवार को दोनों पिता-पुत्र डेढ़ लाख रुपये की रकम लेकर चांदपुर पहुंचे।
फोन पर ढाेंगी साधू ने रकम को उसके शिष्य को देने को कहा। शक होने पर पिता-पुत्र और साथ गए लोगों ने साधू के शिष्य को पकड़कर काशीपुर में एएसपी डॉ. जगदीश चंद्र के समक्ष पेश कर दिया। एएसपी ने आरोपी व्यक्ति को आईटीआई थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। उन्होंने इस मामले में जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।