बाजपुर। एक हजार रुपये को लेकर किसान सेवा सहकारी समिति के उर्वरक प्रभारी प्रदीप सिंह और किसान गुरदयाल सिंह में मारपीट हो गई, जिसमें दोनों घायल हो गए। हंगामा होने पर वहां भीड़ जमा हो गई। समिति कर्मचारियों ने एसएसआई राजेश कुमार यादव को तहरीर सौंपी।
कोतवाली में दोनों पक्षों के समर्थकों में झड़प हो गई, जिन्हें पुलिस ने समझाकर शांत किया।
आरोप है कि गांव ठोठूपुरा निवासी किसान गुरदयाल सिंह ने सात दिसंबर 18 को बाजपुर प्रथम किसान सेवा सहकारी समिति के खाद केंद्र से चेक के माध्यम से 2132 रुपये का खाद लिया था। ओवरड्यू होने पर बैंक से किसान का चेक लौटा दिया। उर्वरक प्रभारी सिंह ने किसान को मोबाइल पर बैंक से चेक वापस आने की जानकारी देकर एक हजार रुपये जमा करने को कहा। इस पर किसान ने उर्वरक प्रभारी को कहा कि वह उसके पैसे जमा कर दें और एक दो दिन में वह पैसे लौटा देगा। किसान तब से नहीं लौटा।
शुक्रवार को किसान गुरदयाल सिंह समिति में खाद लेने आया तो उर्वरक प्रभारी ने पैसे मांग लिए, जिस पर उनमें गालीगलौज हो गई और बाद में दोनों भिड़ गए।
आरोप है कि किसान ने उर्वरक प्रभारी पर वहां रखे स्टेपलाजर उठाकर हमला कर दिया और उंगली चबाकर प्रदीप सिंह को लहूलुहान कर दिया। मारपीट में किसान गुरदयाल सिंह को भी चोटें आईं। किसान गुरदयाल सिंह ने बताया कि उसने समिति का बकाया जमा कर दिया है। समिति आने पर उसके साथ मारपीट की और धमकी दी गई।
एसएसआई राजेश कुमार यादव ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है। इधर, समिति अध्यक्ष मो. क्यूम, उपाध्यक्ष अजीम अहमद, समिति प्रबंध निदेशक फूल सिंह चौहान आदि समिति उर्वरक प्रभारी प्रदीप सिंह के बीच समझौता कराने में लगे हैं। फिलहाल रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।