हरिद्वार। दवा व्यवसायी जगदीश पंवार से 10 लाख की रंगदारी मांगने के आरोप में ज्वालापुर पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है। माना जा रहा है कि जल्द ही पूरे प्रकरण की स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
क्षेत्र के सुभाषनगर में मेडिकल स्टोर संचालक जगदीश पंवार के मोबाइल फोन पर तीन कॉल की गई थी। कॉल करने वाले शख्स ने दवा व्यवसायी से 10 लाख रुपये रंगदारी मांगी थी। साथ ही चेताया था कि रकम नहीं देने पर गंभीर अंजाम भुगतना होगा। स्थानीय पुलिस ने सीआईयू की मदद से जब कॉल डिटेल खंगाली तो पता चला था कि इसी मोबाइल फोन नंबर से सिडकुल की एक औद्योगिक इकाई में कार्यरत सुधीर तोमर से भी रंगदारी मांगी गई है। ज्वालापुर पुलिस ने रंगदारी प्रकरण में कई अहम जानकारी भी जुटा ली है। भेल और ज्वालापुर क्षेत्र के ही युवक इस पूरे प्रकरण में संलिप्त हैं और जिस मोबाइल फोन नंबर से धमकी दी गई, वह सुभाषनगर के ही एक मोबाइल फोन विक्रेता से किराए पर लिया गया था। स्थानीय पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है। एसएसआई विकास भारद्वाज ने बताया कि मामले का जल्द ही पर्दाफाश कर दिया जाएगा।