बाजपुर में पुलिस ने जंगलात बैरियर पर उपखनिज भरे वाहनों को रोककर अवैध वसूली करने के आरोप में एक कथित पत्रकार को गिरफ्तार किया है। इस मामले में बन्नाखेड़ा के डिप्टी रेंजर पीसी जोशी की ओर से धारा संख्या 332/ 504 मुकदमा दर्ज कराया गया है।
एसएसआई राजेश कुमार यादव ने बताया कि शुक्रवार रात नौ बजे बन्नाखेड़ा-बैलपड़ाव रोड स्थित जंगलात बैरियर पर एक कार सवार दो युवक उपखनिज भरे दो वाहनों को रोक कर वजन (भार) की पड़ताल के नाम पर अवैध वसूली कर रहे थे। वह दो वाहनों को जबरन नजदीक के एक धर्मकांटे पर वजन कराने के लिए ले गए। इससे बैरियर पर मौजूद जंगलात कर्मचारियों से उनकी कहासुनी हो गई। मामला बढ़ने पर पुलिस चौकी इंचार्ज अशोक कांडपाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान एक युवक फरार हो गया। जबकि कार सहित एक युवक को पुलिस ने दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी युवक ने अपना नाम उमेश चौहान निवासी गांव कमोला धमोला कालाढूंगी (नैनीताल) बताया। आरोपी ने अपने को एक न्यूज चैनल का पत्रकार भी बताया है। एसएसआई के अनुसार दूसरा आरोपी कुलदीप चौधरी फरार हो गया। उसकी तलाश में दबिश दी गई हैं।