काशीपुर में फेसबुक पर हुए प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक बिहार के नालंदा जिले से एक युवती को बहला फुसलाकर भगा ले आया। बिहार पुलिस ने आरोपी को कुंडेश्वरी स्थित घर पर दबिश देकर दबोचा और उसके कब्जे से युवती को बरामद कर लिया। पुलिस दोनों को अपने साथ बिहार ले गई है।
कुंडेश्वरी निवासी अनिल उर्फ भोला खनन वाहनों की फिल्डिंग का कार्य करता है। फेसबुक पर उसकी पहचान सोहसराय थाना नालंदा (बिहार) निवासी एक युवती से हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। करीब पंद्रह दिन पूर्व वह उक्त युवती को वहां से ले आया। कुछ दिन वह बाहर ही रुका। एक सप्ताह पूर्व वह उसे लेकर अपने घर पहुंचा। इस मामले में 18 जून को बिहार के सोहसराय थाने में युवती के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने युवती का मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाया तो उसकी लोकेशन काशीपुर क्षेत्र में होना पायी गई। शनिवार को थाना सोहसराय के एसआई देवानंद शर्मा, हेड कांस्टेबल शेख मोबीन अहमद, टीआई पूनम देवी आदि की टीम ने काशीपुर पुलिस की मदद से अनिल उर्फ भोला के घर पर छापा मारा। पुलिस ने आरोपी को मौके से ही धर दबोचा। उसके घर से ही कथित रूप से अपहृत हुई युवती भी बरामद हो गई।