काशीपुर। आबकारी टीम ने कई गांवों में धरपकड़ अभियान चलाकर 16 भट्ठियां और सैकड़ों लीटर लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया। टीम ने मौके पर 450 लीटर कच्ची शराब बरामद की है।
मंगलवार को काशीपुर के आबकारी निरीक्षक महेंद्र सिंह बिष्ट, बाजपुर के आबकारी निरीक्षक विक्रम भंडारी, मंडल प्रवर्तन दल (कुमाऊं) इंद्रजीत राणा, हीरा बल्लभ भट्ट, जगदीश कुमार, दीपक दुबे आदि ने खाईखेड़ा, बरखेड़ी, रंपुरा, सीतारामपुर, जगतपुरा, कुंडेश्वरी में 16 भट्ठियां, आठ हजार लीटर लहन नष्ट कर दिया। टीम एक भी आरोपी को नहीं पकड़ पाई।
यहां भी खनन माफिया दे गए गच्चा
दिनेशपुर। पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ क्षेत्र में धरपकड़ अभियान चलाया। इस दौरान थाना क्षेत्र के पीपल पड़ाव रेंज के डामपार जंगल में अवैध खनन सामग्री से भरी तीन ट्रैक्टर ट्राली को पकड़कर सीज कर दिया गया। थानाध्यक्ष दिनेश फर्त्याल ने बताया कि पीपल पड़ाव, डामपार, तिलपुरी डामअन्दर क्षेत्र, हरिपुरा जलाशय के साथ मोहनपुर क्षेत्र में अवैध खनन माफिया की सक्रियता की सूचना मिल रही थी। दो टीमें बनाकर छापामारी की गई, जिसकी सूचना माफिया को मिल गई और मौके से वाहन समेत भाग निकले, लेकिन पीपल पड़ाव रेंज में तीन अवैध खनन से भरी ट्रैक्टर ट्राली पुलिस के हत्थे चढ़ गए, जिन्हें सीज किया है। अवैध खनन के संबंध में अलग से वन विभाग को भी रिपोर्ट भेजी जा रही है।