काशीपुर में कैंची से हमलाकर अपने दो बेटों की हत्या करने और दो बेटियों को घायल करने के मामले में वांछित चल रहे दर्जी को ठाकुरद्वारा पुलिस ने एक गन्ने के खेत से धर दबोचा।
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कैंची भी बरामद कर ली है।
मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा कोतवाली क्षेत्र के निर्मलपुर निवासी रोहताश प्रजापति ने नौ जून की रात छत पर मां के साथ सो रहे चार बच्चों को कैंची से ताबड़तोड़ प्रहार किए थे। इस हमले में उसके दो बेटों और दो बेटियों की आंतें बाहर आ गई थीं। एक बेटे रवि ने ठाकुरद्वारा के सीएचसी में दम तोड़ दिया था। एक बेटे आकाश और दो बेटियों सलोनी तथा शिवानी को काशीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 11 जून को दूसरे बेटे आकाश की भी इलाज के दौरान मौत हो गई।
बड़ी बेटी की हालत बिगड़ने पर बृहस्पतिवार को उनके घर पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आरोपी रोहताश की गिरफ्तारी न हो पाने से ग्रामीणों में आक्रोश था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए इश्तेहार चस्पा कराकर सूचना देने वाले को इनाम की घोषणा की थी। शुक्रवार को ठाकुरद्वारा पुलिस ने आरोपी रोहताश को गांव में ही एक गन्ने के खेत से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कैंची भी बरामद कर ली है। ठाकुरद्वारा कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। घटना की वजह आरोपी का अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह होना बताया जा रहा है।