काशीपुर। पुलिस की ओर से पूर्व में बरामद की गई किशोरी को आरोपी अपने जीजा के सहयोग से पुन: कथित रूप से अगवा कर ले गया। तीन माह बाद किशोरी के परिजनों ने अपर पुलिस अधीक्षक से उसे सकुशल बरामद कराने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
26 सितंबर 2018 को जसपुर तुमडिया डाम क्षेत्र के एक व्यक्ति ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि थाना गुन्नौर, बदायूं निवासी ताराचंद्र उसकी 15 वर्षीय पुत्री को 10 अगस्त 2018 को कथित रूप से अगवा कर ले गया।
पुलिस ने एक माह बाद किशोरी को बरामद किया था। लेकिन आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका था। पुलिस ने किशोरी को न्यायालय में पेश किया तो उसने अपने परिजनों से जान को खतरा बता दिया।
इस पर उक्त किशोरी को अल्मोड़ा स्थित नारी निकेतन भेज दिया। दो माह बाद किशोरी की सहमति पर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। किशोरी के पिता ने 26 मार्च 2019 को पुलिस को तहरीर देकर कहा कि आरोपी ताराचंद्र और उसका जीजा उसकी बेटी को गाड़ी में बैठाकर ले गए। तीन माह बाद भी किशोरी व आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग सका।
मंगलवार को पीड़िता के परिजनों ने काशीपुर में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र से बेटी की जान को खतरा बताते हुए उसकी बरामदगी की मांग की। एएसपी को जसपुर कोतवाल अबुल कलाम ने बताया कि आरोपियों ने अपने सिम और मोबाइल बदल लिए हैं। पिछले सप्ताह आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम नोएडा व गाजियाबाद में दबिशें दे चुकी है।