रुद्रपुर के रंपुरा चौकी क्षेत्र में स्मैक तस्करों का विरोध करने पर तस्करों ने विरोध कर रहे लोगों पर पथराव कर दिया, जिसमें एक गर्भवती महिला सहित दो युवक घायल हो गए। घायलों ने जिला अस्पताल में उपचार के बाद स्मैक तस्करों के खिलाफ पुलिस को तहरीर सौंपी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रंपुरा वार्ड नंबर सात निवासी किशन पुत्र केदारनाथ एक दुकान में काम करता है। उसका भाई सोनू क्षेत्र में ही फास्ट फूड का ठेला लगाता है। किशन के अनुसार क्षेत्र में ही रहने वाला एक परिवार लंबे समय से स्मैक बेचने का कारोबार करता है। शाम होते ही उसके घर पर स्मैक के ग्राहकों का जमावड़ा लग जाता है। उक्त लोग क्षेत्र के लोगों से अभद्रता करते हैं। सोमवार की रात को जब उन्होंने स्मैक बेचने वाले परिवार से स्मैक बिक्री का विरोध किया तो उक्त लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी। बीच बचाव के लिए जब उसका भाई सोनू मौके पर पहुंचा तो तस्करों ने अपने बचाव के लिए पथराव शुरू कर दिया, जिसकी चपेट में आकर किशन, उसका भाई सोनू और पडो़स में रहने वाले गर्भवती महिला सुषमा भी घायल हो गई। मोहल्ले के लोगों के जमा होने पर तस्कर मौके से फरार हो गए। सभी घायलों ने जिला अस्पताल में उपचार कराने के बाद रंपुरा चौकी पुलिस को मामले की तहरीर सौंपी है। पुलिस मामले की कर रही है।