रुद्रपुर में दो वर्ष पूर्व साले का अपहरण करने के बाद उसकी हत्या कर शव को जलाने वाले जीजा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने हत्यारे जीजा पर डेढ़ हजार का ईनाम घोषित किया था।
आजाद नगर वार्ड नंबर दो निवासी सुरजीत गुप्ता का अपने ही साले मनीष से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। 21 दिसंबर 2016 को सुरजीत ने अपने भाइयों रामनिवास, राहुल और श्रीनिवास के साथ मनीष का अपहरण कर उसकी हत्या करने के बाद शव को शाहजहांपुर यूपी के जंगल में जला दिया था। मनीष के परिजनों की तहरीर पर छानबीन के बाद पुलिस ने एक साल बाद ही रामनिवास और राहुल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। लेकिन श्रीनिवास और सुरजीत पुलिस को चकमा देते रहे। सुरजीत की धरपकड़ में जुटे ट्रांजिट कैंप थाना प्रभारी जीबी जोशी को मंगलवार सुबह मुखबिर ने सुरजीत के रुद्रपुर रोडवेज स्टेशन में होने की सूचना दी। जोशी ने पुलिस टीम के साथ सुरजीत को धर दबोचा। उन्होंने बताया कि सुरजीत के ऊपर पुलिस ने डेढ़ हजार रुपये का ईनाम घोषित किया था। आज भी सुरजीत राजस्थान भागने की फिराक में था। मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। फरार चल रहे एक और आरोपी श्रीनिवास की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।