जसपुर में बीमार बेटे को ठीक करने के लिए एक महिला ने टीवी पर दिखाए एक विज्ञापन के झांसे में आकर 90 हजार रुपये गंवा दिया। महिला के पति ने अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर सौंपी है।
मोहल्ला नत्था सिंह निवासी वीरसिंह ने कहा कि उसका 17 वर्षीय पुत्र बीमार रहता है। धार्मिक प्रवृत्ति की उसकी पत्नी ने छह माह पूर्व टीवी पर लाल तेल का विज्ञापन देखा था। उसमें लिखे मोबाइल नंबर पर उसकी पत्नी ने उन नंबरों पर बात की तो अज्ञात व्यक्ति ने कहा कि वह लाल तेल का चिराग जलाकर घर में रखे तो अवश्य लाभ होगा। इस पर उसने ऐसा ही किया। एक माह बाद भी पुत्र की स्थिति में सुधार नहीं होने पर पत्नी ने दोबारा फोन किया। इस पर अज्ञात व्यक्ति ने खाता नंबर देते हुए कहा कि इस खाते में तीस हजार रुपये डालें तो वह पूजा की सामग्री भेजेंगे जिससे लाभ होगा। कहा पत्नी अब तक 30-30 हजार करके 90 हजार रुपये डाल चुकी है। लेकिन उसके पुत्र को कोई लाभ नहीं हुआ। जब उसकी पत्नी ने उसको बताया तो उसको ठगी का एहसास हुआ। उसने अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।