काशीपुर। कृषि भूमि पर अवैध कॉलोनियां बनाकर प्रापर्टी डीलरों और कॉलोनाइजरों ने कृषि भूमि को कंक्रीट के जंगलों में तब्दील कर दिया है। नगर से लगी कृषि भूमि पर बिना 143 और बिना नक्शे पास कराए धड़ल्ले से कॉलोनी काटी जा रही है। यहां तक कि नालों की भी घेराबंदी की जा रही है। संयुक्त मजिस्ट्रेट विनीत तोमर ने ऐसे 139 अवैध निर्माणों को अवैध नोटिस जारी किया है।
संयुक्त मजिस्ट्रेट विनीत तोमर ने नगर से लगे गंगे बाबा रोड पर कई एकड़ कृषि भूमि पर बन रही अवैध कॉलोनी के निर्माण पर रोक लगा दी है। संयुक्त मजिस्ट्रेट के आदेश पर जिला विकास प्राधिकरण क्षेत्र कार्यालय के जेई भानुप्रताप सिंह ने कॉलोनी बना रहे तीन लोगों को नोटिस जारी कर काम रुकवा दिया।
जेई ने बताया कि कॉलोनी काटने वालों ने न तो 143 कराई न ही नक्शा पास कराया। उन्होंने बताया कि कालोनी के बीचों बीच से गेबिया नाला बहता है। कालोनी काटने वालों ने बिना राजस्व सिंचाई विभाग की अनुमति के उसके दोनों ओर दीवारें बना दी। जेई ने बताया कि जसपुर रोड, ढेला नदी के किनारे, आईटीआई थाना क्षेत्र में बड़ी संख्या में बिना नक्शा पास कराए कॉलोनियां कट रही हैं। मकान भी बिना नक्शा पास कराए बन रहे हैं।
सभी के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण ने नगर के बाहरी क्षेत्र में अवैध रूप से बन रही 139 कॉलोनियों और निर्माणों को नोटिस दिया है। अवैध कालोनियों से कृषि व बागवानी को भारी नुकसान हो रहा है।
प्राधिकरण के पास कर्मचारियों की कमी है। बिना 143 और नक्शा पास कराए एक भी कॉलोनी नहीं बनने दी जाएगी। कॉलोनी बनाने वालों के खिलाफ मुकदमे दर्ज होंगे बिना नक्शा पास कराए एक भी मकान नहीं बनने दिया जाएगा। किन-किन गांवों में कॉलोनियां कट रही है इसकी जांच की जा रही है।
विनीत तोमर, जिला प्राधिकरण क्षेत्र कार्यालय प्रमुख/संयुक्त मजिस्ट्रेट, काशीपुर