सितारगंज कोतवाली में पुलिस हिरासत में असलहे तस्करी का आरोपी।
- फोटो : SITARGANJ
एसटीएफ ने असलहों की तस्करी के आरोप में एक युवक को पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से चार तमंचे बरामद हुए जिन्हें टीम ने जब्त कर लिया। एसटीएफ ने आरोपी को कोतवाली लाकर उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी यूपी के पूरनपुर व पीलीभीत क्षेत्र से अपने साथी के साथ तमंचे लाकर उत्तराखंड में सप्लाई करता था।
एसटीएफ कुमाऊं यूनिट पंतनगर की सीओ डॉ. पूर्णिमा गर्ग ने बताया कि अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। निरीक्षक एमपी सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था। यूपी-उत्तराखंड सीमा पर टीम असलहों की तस्करी रोकने के लिए जुटी थी। मंगलवार को एनएच-74 पर लौका गांव में टीम ने असलहा तस्कर को पकड़ लिया। उसके कब्जे से 32 बोर के दो और 315 बोर के दो तमंचे बरामद हुए। टीम ने उसे हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नकटपुरा गांव निवासी फैज खान (20) बताया। आरोपी के खिलाफ 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कराया गया है। आरोपी पूर्व में भी असलहों की तस्करी कर चुका है जोकि उत्तर प्रदेश के पूरनपुर व पीलीभीत क्षेत्र से अपने एक साथी के साथ हथियार खरीदकर उत्तराखंड में आपूर्ति करता था। यूपी-उत्तराखंड सीमा पर पिछले काफी दिनों से हथियारों की तस्करी की शिकायतें मिल रही थीं इसलिए एसटीएफ की टीम सीमा पर लगाई गई है।