महतोष चौकी परिसर में खड़ा चेसिस वाहन।
- फोटो : RUDRAPUR
गदरपुर। बीती रात कार और चेसिस वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन युवक घायल हो गए। एक युवक सकुशल बच गया। घायलों को रुद्रपुर के निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
बीते शुक्रवार की रात करीब 11 बजे प्रीत विहार कॉलोनी, वार्ड नंबर पांच में रहने वाला 28 वर्षीय गौरव पाहुजा उर्फ गौरू कांग्रेस नेता अनिल सिंह की क्रेटा कार से रुद्रपुर से गदरपुर लौट रहा था। कार में वार्ड नंबर 10 निवासी अमन पसरीचा, कैलाशपुर निवासी विशाल तनेजा एवं वार्ड नंबर सात निवासी वंश शर्मा और दीपक तागरा भी सवार थे। कार जब महतोष के पास नवाबगंज रोड के पास हाईवे पर बने कट पर पहुंची तो सामने से आए चेसिस वाहन से कार की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में कार के अगले हिस्से के परखचे उड़ गए। कार चला रहा गौरव पाहुजा गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में विशाल तनेजा, अमन पसरीचा व वंश शर्मा के सिर और पसलियों में गंभीर चोटें आई। दीपक तागरा सकुशल बच गया। हादसे की सूचना पर पुलिस ने घायलों को रुद्रपुर भिजवाया जहां पहुंचने तक गौरव पाहुजा की मौत हो गई। अन्य घायलों को रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया। हादसे के बाद चालक चेसिस वाहन को मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने चेसिस वाहन को कब्जे में लेकर चौकी परिसर में खड़ा कराया है। हादसे में मृत गौरव पाहुजा के घर में मातम का माहौल है। उसके पिता किशनलाल की चार वर्ष पहले मौत हो गई थी। गौरव अपने पीछे मां आशा रानी और छोटी बहन रुचि को रोता बिलखता छोड़ गया है।
महतोष में दुर्घटनाग्रस्त कार को देखते लोग।- फोटो : RUDRAPUR
गौरव (फाइल फोटो)- फोटो : RUDRAPUR