रुद्रपुर में 106 साल की बुजुर्ग महिला को वोट डालने पर अधिकारियों ने किया सम्मानित।
- फोटो : RUDRAPUR
जगतपुरा वार्ड आठ की 106 वर्षीय वरिष्ठ मतदाता आरती मंडल ने घर बैठे मतदान किया। बुजुर्ग मतदाताओं में सबसे अधिक उम्र होने पर वोट डलवाने गई टीम ने आरती को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। जबकि जिलेभर में 476 बुजुर्गों और दिव्यांगों ने मंगलवार को घर बैठे वोट किए हैं।
रुद्रपुर विधानसभा में मंगलवार को 65 बुजुर्ग व पांच दिव्यांग मतदाताओं के घर पर जाकर वोट डलवाए गए। इधर, पश्चिम बंगाल से आए आईएएस निरंजन कुमार को बतौर रुद्रपुर विधानसभा के आब्जर्वर की जिम्मेदारी दी गई है। रुद्रपुर विधानसभा के नोडल अधिकारी अनिल कुमार सिन्हा ने कहा कि मंगलवार को 70 लोगों ने डाक मतपत्रों से वोट दिए हैं। पोस्टल बैलेट के सहायक नोडल अधिकारी अमन अनिरुद्ध ने कहा कि सात फरवरी को हुए मतदान में जिलेभर से 580 लोगों को घर बैठे वोट डलवाने का टारगेट दिया गया था।
इसमें से 565 बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं ने वोट डाले। बाकी नौ मतदाताओं की मौत हो गई है, चार मतदाता घर पर नहीं मिले और दो मतदाताओं ने वोट देने से मना कर दिया था। किच्छा एसडीएम कौस्तुभ मिश्रा ने कहा कि कुल 128 लोगों में से 99 बुजुर्गों व दिव्यांगों ने मतदान किया है। गदरपुर के आरओ रमेश त्रिपाठी ने कहा कि 80 वर्ष से अधिक 87 व सात दिव्यांग ने मतदान किया है। सितारगंज विधानसभा में दो दिन के भीतर 60 और नानकमत्ता विधानसभा में 85 बुजुर्गों व दिव्यांग मतदाताओं ने वोट किए हैं। खटीमा एसडीएम रविंद्र बिष्ट ने कहा कि 80 वर्ष से अधिक 84 व आठ दिव्यांगों ने मतदान किया है। काशीपुर विधानसभा में 60 बुजुर्गों व आठ दिव्यांगों ने पोस्टल बैलेट से मतदान किया है।