काशीपुर। एक सप्ताह पूर्व कुंडेश्वरी के ग्राम ढकिया में मिले नवजात शिशु के बारे में पुलिस को अभी कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे से फुटेज खंगालने में जुटी है। आशंका जताई जा रही है कि नवजात को वहां बाहर से लाकर डाला गया है।
बीती 10 मार्च को रात 10:30 बजे ग्राम कुंडेश्वरी-ढकिया रोड पर सड़क किनारे झाड़ियों में एक नवजात मिला। सूचना पर कुंडेश्वरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नवजात को सरकारी अस्पताल के एनबीएसयू कक्ष में भर्ती कराया था। अगले दिन चाइल्ड हेल्प लाइन रुद्रपुर की टीम भी अस्पताल पहुंची थी। शिशु का वजन 1.7 किग्रा था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में वहां नवजात को वहां डालती एक महिला दिखी, लेकिन उसका चेहरा साफ नहीं दिख रहा है। जांच के दौरान उक्त क्षेत्र में एक प्रेमी युगल के लिव इन में रहने की सूचना मिली। पुलिस ने इस युगल से पूछताछ भी की, लेकिन नवजात की शिनाख्त नहीं हो सकी। एसपी चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि इस मामले में गहनता से जांच की जा रही है। आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे जबकि एक अन्य घटना में कटोराताल चौकी पुलिस ने 27 फरवरी को विजयनगर-नईबस्ती से सड़क किनारे एक भ्रूण बरामद किया था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने भ्रूण को फेंकने वाली एक युवती और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया था।