रुद्रपुर/सितारगंज/खटीमा। जिले में लगातार कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। शनिवार को चार पुलिसकर्मियों समेत 35 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी संक्रमितों को होम आइसोलेट कर दिया है।
आरटीपीसीआर के जरिये जांच में 27 और रैपिड एंटीजन से हुई जांच में आठ लोग संक्रमित पाए गए। काशीपुर में सर्वाधिक 12 लोग संक्रमित पाए गए। सितारगंज में सात, रुद्रपुर में छह और किच्छा में चार लोग संक्रमित मिले। बाजपुर और जसपुर में दो-दो लोग संक्रमित मिले हैं। गदरपुर और खटीमा में कोरोना के एक-एक मामले आए। सीएमओ डॉ. सुनीता चुफाल रतूड़ी ने कहा कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए लगातार सैंपलिंग की जा रही है। शनिवार को जिले में 2,660 लोगों की कोरोना जांच के लिए सैंपलिंग की गई। सितारगंज चिकित्साधीक्षक डॉ. राजेश आर्या ने बताया कि शनिवार को क्षेत्र में कोरोना जांच के लिए सैंपलिंग में लगीं तीन टीमें लगाई गई हैं। इसके अलावा एक मोबाइल वैन भी क्षेत्र के सार्वजनिक स्थलों पर जांच कर रही है।
उन्होंने बताया कि कोतवाली में करीब 29 पुलिस कर्मियों की रेपिड एंटीजन टेस्ट के जरिये कोरोना जांच की गई। इसमें कोतवाल समेत चार पुलिस कर्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने बताया कि पुलिस कर्मियों के अलावा 170 रेपिड एंटीजन, 286 आरटीपीसीआर टेस्ट भी किए गए हैं। नागरिक अस्पताल खटीमा के प्रभारी कोरोना नोडल अधिकारी डॉ.वीपी सिंह ने बताया कि 6 जनवरी को 242 लोगों के सैंपल आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजे थे। शनिवार को आई जांच रिपोर्ट में कंजाबाग निवासी 16 वर्षीय किशोर कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। कोरोना संक्रमित किशोर को होम आइसोलेट कर परिजनों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए है।
लक्ष्य के सापेक्ष 87 फीसदी लोगों ने लगाए टीके
सितारगंज। कोरोना महामारी से बचाव के लिए चल रहे टीकाकरण अभियान के तहत अब तक लक्ष्य के सापेक्ष सिर्फ 87 फीसदी लोगों ने ही टीकाकरण कराया है। चिकित्साधीक्षक डॉ. आर्या ने बताया कि क्षेत्र की 1,82,062 की आबादी को टीकाकरण किया जाना था। इसमें पांच जनवरी तक 1,57,723 लोग पहला टीका और 1,24,026 लोग दूसरा टीका लगवा चुके हैं। 13 प्रतिशत लोग ऐसे हैं जो गंभीर रोगों से ग्रसित, गर्भवती माताओं या फिर टीका लगाने से मना कर रहे हैं। इस वजह से इन 13 प्रतिशत लोगों के टीके नहीं लग सके। दूसरी डोज लगाने के लिए टीकाकरण अभियान युद्घस्तर पर चल रहा है।
सिंगल डोज लगाकर पहुंचे लोगों की बॉर्डर पर हुई सैंपलिंग
रुद्रपुर/सितारगंज/खटीमा/काशीपुर। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिले की सभी सीमाओं पर सख्ती बढ़ा दी है। शनिवार को रामपुर बॉर्डर पर दूसरे राज्यों से कोरोना वैक्सीन की सिंगल डोज लगाकर पहुंचे लोगों की एंटीजन किट से जांच की गई। जबकि डबल डोज लगवाकर पहुंचे सभी लोगों को रिपोर्ट देखने केे बाद जाने दिया गया। सरकड़ा बॉर्डर, हल्दी घेरा बॉर्डर भी स्वास्थ्य विभाग की टीमें जांच कर रही हैं।
रुद्रपुर की रामपुर सीमा पर शनिवार सुबह से पुलिस की मौजूदगी में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बाहरी राज्यों से आ रहे लोगों के टीकाकरण के दस्तावेज जांचने शुरू किए। कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लगाकर पहुंचे लोगों को जिले की सीमा पर प्रवेश करने दिया गया, जबकि सिंगल डोज लगवाकर पहुंचे लोगों से 72 घंटे की आरटीपीसीआर की निगेटिव रिपोर्ट मांगने के साथ ही रामपुर सीमा पर एंटीजन किट से सैंपलिंग की गई। पुलिस कर्मियों ने वाहनों को रोककर लोगों से आरटीपीसीआर की निगेटिव रिपोर्ट मांगी। शाम पांच बजे तक रामपुर सीमा पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 102 लोगों की एंटीजन किट के माध्यम से कोरोना जांच की। काशीपुर के सूर्या और पैगा बॉर्डर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार को कोविड जांचें कीं।
कोरोना के नोडल अधिकारी डॉ. अमरजीत सिंह ने बताया कि बार्डर पर टीका नहीं लगाने वाले या दूसरा टीका नहीं लगवाने वालों को भी वैक्सीन लगाई जा रही है। बाहर से आने वाले जिन लोगों को काशीपुर में रुकना है, उनकी आरटीपीसीआर जांच की जा रही है। जिन्हें काशीपुर से आगे जाना है, उनका एंटीजन टेस्ट किया जा रहा है। शनिवार को करीब 400 लोगों के सैंपल लिए गए। इनमें से 12 मामले पॉजिटिव आए।
सितारगंज में सरकड़ा बॉर्डर पर भी जांच की गई। चिकित्साधीक्षक डॉ. राजेश आर्या ने बताया कि पुलिस कर्मियों के अलावा 170 रेपिड एंटीजन, 286 आरटीपीसीआर टेस्ट भी किए गए हैं। इधर यूपी सीमा पर हल्दी घेरा बॉर्डर पर स्वास्थ्य टीम ने सीमा प्रवेश करने वाले 150 लोगों के कोरोना सैंपल लेकर आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजे तथा 25 लोगों की रैपिड एंटीजन जांच की। वहां डॉ. मनुश्रवा आर्य, विनीत, कुंदन अधिकारी, राजीव कुमार चौहान आदि थे।
जिले की सभी सीमाओं पर कोरोना जांच में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जा रही है। सिंगल डोज लगवाकर पहुंचे लोगों की एंटीजन किट के माध्यम से सैंपलिंग करवाई जा रही है।
डॉ. सुनीता चुफाल रतूड़ी, सीएमओ
मास्क नहीं पहनने पर छह के चालान
रुद्रपुर। ओमीक्रोन की दहशत के बीच मास्क नहीं पहनने वालों पर सख्ती शुरू हो गई है। पुलिस के साथ ही नगर निगम की टीम ने भी निरीक्षण अभियान शुरू कर दिया है। नगर निगम की टीम ने शनिवार को बाजार क्षेत्र में निरीक्षण किया। मास्क नहीं पहने मिलने पर इस दौरान टीम के सदस्यों ने कुल छह लोगों का चालान किया है। सहायक नगर आयुक्त राजदेव जायसी ने बताया कि मास्क नहीं पहनने वालों के खिलाफ निगम का अभियान लगातार जारी रहेगा।
ओमीक्रोन से बचाव के लिए बाजार में किया छिड़काव
रुद्रपुर। कोरोना व ओमीक्रोन के बढ़ते खतरों के बीच नगर निगम ने सावधानी बरतनी शुरू कर दी है। निगम क्षेत्र के प्रमुख बाजारों में बीमारी से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। शनिवार को निगम कर्मचारियों ने गोल मार्केट, गांधी पार्क, भगत सिंह चौक, डीडी चौक, इंदिरा चौक आदि क्षेत्रों में सैनिटाइजेेशन किया। वहां सहायक नगर आयुक्त राजदेव जायसी, एसएनए सरताज सिंह, सफाई निरीक्षक उदयवीर सिंह, कपूर सिंह, नरेंद्र नेगी आदि थे।
10,294 स्कूली बच्चों को लग चुकी है वैक्सीन
काशीपुर। बीईओ आरएस नेगी ने बताया कि काशीपुर ब्लॉक क्षेत्र में 16 स्कूलों में 15 से 18 साल के 2598 बालक-बालिकाओं को कोरोना की वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा गया था लेकिन 1846 छात्रों को ही वैक्सीन लग सकी। जबकि पांचों दिनों में कुल 15196 के सापेक्ष 10,294 बच्चों को कोरोना वैक्सीन लगी है। छूटे हुए बच्चों को एलडी भट्ट सरकारी अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणनगर, ढकिया, श्रीअग्रवाल सभा में भी वैक्सीन लगाई जा सकती है।