काशीपुर। सरकारी अस्पताल के पांच डॉक्टर कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। रैपिड रिस्पांस टीम और कंट्रोल रूम के दो डॉक्टर व दो कर्मियों के पॉजिटिव आने पर कोविड जांच का काम रोकना पड़ा। जांच के बाद सभी की रिपोर्ट निगेटिव आने पर कंट्रोल रूम को फिर से शुरू कर दिया गया है।
सरकारी अस्पताल के कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. अमरजीत सिंह ने बताया कि सोमवार को आई रिपोर्ट में 36 लोग पॉजिटिव पाए गए थे। इनमें रैपिड रिस्पांस टीम की एक महिला डॉक्टर, कोविड मरीजों को आइसोलेट करने वाले एक डॉक्टर के अलावा दो कर्मचारी भी शामिल थे। डॉ. सिंह ने बताया कि होम आइसोलेशन की जिम्मेदारी संभाल रहे डाक्टर को पॉजिटिव आने पर एक सप्ताह का रेस्ट दिया गया है। संक्रमितों की ट्रैवलिंग हिस्ट्री देखकर सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। बताया कि अस्पताल के तीन डॉक्टर पहले ही संक्रमित हो चुके हैं जो होम आइसोलेशन में हैं। नोडल अधिकारी डॉ. अमरजीत ने बताया कि कर्मियों को संक्रमित पाए जाने पर कोविड जांच के कंट्रोल रूम को सोमवार को बंद करना पड़ा। बुधवार को कंट्रोल रूम को सैनेटाइज कराकर फिर से खोल दिया गया है। मंगलवार को आई रिपोर्ट में काशीपुर में एक भी व्यक्ति पॉजिटिव नहीं पाया गया। मंगलवार को ऊधमसिंहनगर जनपद में 75 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए।