रुद्रपुर। अर्थव्यवस्था को खासा प्रभावित करने वाले कोविड-19 का बहुत ज्यादा असर धनतेरस पर नहीं पड़ा। दो दिन धनतेरस पर बाजार में लोगों ने जमकर खरीदारी की। सबसे ज्यादा वाहन बाजार पर धन बरसा। चौपहिया वाहनों की डिमांड इतनी ज्यादा हुई कि शोरूम में वाहन कम पड़ गए। पिछले साल के मुकाबले ज्वैलरी बाजार की बिक्री में 30 फीसदी की गिरावट देखने को मिली।
इसके अलावा इलेक्ट्रानिक, बर्तनों के साथ ही गिफ्ट और मिठाई कारोबार में भी तेजी दिखाई दी। बाजार में खरीदारी से दुकानदारों के चेहरे खिले रहे। व्यापारियों के मुताबिक धनतेरस के दो दिन में पिछले साल के मुकाबले 20 फीसदी की गिरावट हुई है। पिछले साल साढ़े 63 करोड़ का कारोबार हुआ था और इस साल करीब 48 करोड़ का कारोबार हुआ है।
धनतेरस और छोटी दिवाली एक साथ होने से शुक्रवार को सराफा, बर्तन और वाहन बाजार ग्राहकों से गुलजार रहा। दोपहिया और चारपहिया वाहनों की खरीदारी के लिए शोरूमों में काफी संख्या में ग्राहक पहुंचे। किच्छा बाईपास रोड स्थित आकांक्षा आटोमोबाइल के प्रशासनिक प्रबंधक अंतरिक्ष शर्मा ने बताया कि दो दिन में मारुति कंपनी की 190 गाड़ियों की डिलीवरी की गई है।
इस बार कोरोना काल को देखते हुए आटोमोबाइल कंपनियों की ओर से शोरूमों में गाड़ियां नहीं पहुंच रही हैं। एक्सक्रोस, बलेनो सहित अन्य गाड़ियों की वेटिंग चल रही है। बिंदल ह्यूंडई के जीएम राजीव अग्रवाल ने बताया कि दो दिन में 105 कारों की डिलीवरी की गई है। इसमें क्रेटा, आई-20 और वेन्यू की खासी डिमांड रही। पिछले साल के मुकाबले इस साल कारोबार बेहतर रहा है।
कुमार आटोव्हील्स के सीईओ सुदीप जैन ने बताया कि महिंद्रा कंपनी की 38 गाड़ियों की डिलीवरी की गई। थार जीप की 70 गाड़ियों की एडवांस बुकिंग है। दोपहिया वाहनों में बजाज कंपनी की 250 और टीवीएस की 225 बाइकें बिकीं। सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष निशांत ढल्ला ने बताया कि पिछले साल के मुकाबले 60 से 70 फीसदी कारोबार हुआ है। इस बार चांदी के बर्तनों और छोटे सिक्कों की डिमांड रही।
बंसल ज्वैलर्स के मालिक प्रदीप बंसल ने बताया कि करीब 70 फीसदी कारोबार हुआ है। खुराना इलेक्ट्रानिक्स के स्वामी राजीव खुराना ने बताया कि 65 फीसदी कारोबार हुआ है। ऑनलाइन कारोबार, कोरोना और किसानों की कम आय के चलते कारोबार में गिरावट आई है।
इधर, मुख्य बाजार स्थित बर्तन व्यापारी मनोज कुमार ने बताया कि दो दिन धनतेरस पर्व पर अच्छी बिक्री हुई। ग्राहकों ने क्राकरी, स्टील के बर्तन सहित कई प्रकार के रसोई के सामान खरीदे। बताया कि पिछले साल के मुताबिक ही इस बार भी खरीदारी 80 प्रतिशत तक रही। बीकानेर स्वीट्स के स्वामी राधेश्याम ने बताया कि पिछले साल के मुकाबले 80 से 90 फीसदी कारोबार हुआ।
गुलाब स्वीट्स के स्वामी शरद गर्ग ने बताया कि इस बार भी पिछले साल के बराबर ही कारोबार रहा। बर्तन व्यापारी सनी गगनेजा ने बताया कि कोरोना काल से कोई असर नहीं पड़ा है। धनतेरस पर लोगों ने शगुन को देखते हुए स्टील और तांबे के बर्तन खरीदे। व्यापार मंडल के नगराध्यक्ष संजय जुनेजा ने बताया कि दो दिन धनतेरस पर्व होने से व्यापारियों की आमदनी अच्छी रही।
झाड़ू की बिक्री भी हुई अधिक
रुद्रपुर। दिवाली में झाड़ू खरीदना शुभ माना जाता है। लोगों ने सींक, फूल समेत कई प्रकार की डिजाइन वाली झाड़ू खरीदी। लोगों का कहना था कि दिवाली के अवसर पर घर में कचरे को बाहर किया जाता है। मान्यता है कि दिवाली के दिन लक्ष्मी माता घर में आतीं हैं।
काशीपुर में दो करोड़ का सराफा और 12 करोड़ का हुआ ऑटो कारोबार
काशीपुर। काशीपुर में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पूर्व अध्यक्ष राजीव सेतिया ने बताया कि धनतेरस पर सराफा कारोबार अपेक्षाकृत काफी ठंडा रहा। सराफा कारोबार इस बार दो करोड़ के आंकडे़ को भी पार नहीं कर सका, जबकि पिछले वर्ष करीब तीन करोड़ का कारोबार हुआ था। वहीं, ऑटो का कारोबार करीब 12 करोड़ का रहा, जो कि सुखद है। इसी तरह बर्तन कारोबार भी करीब एक करोड़ से अधिक का रहा।
सेतिया ने बताया कि कोरोना के कारण मंदी के चलते सराफा में 40 से 50 प्रतिशत तक गिरावट दर्ज की गई। चांदी के सिक्कों और बर्तनों की बिक्री परंपरागत है लेकिन सोने और हीरों के आभूषणों की डिमांड कम रही। इधर, तनिष्क ब्रांड के राम मोहन अलंकार केंद्र के एमडी प्रमोद कुमार अग्रवाल ने बताया कि इस साल बृहस्पतिवार और शुक्रवार दो दिन धनतेरस होने के कारण कारोबार पिछले साल की तुलना में अच्छा रहा।
हीरो बाइक के डीलर अर्पित मेहरोत्रा ने बताया कि पिछले वर्ष धनतेरस पर 170 बाइकें बिकी थीं। इस वर्ष 185 बाइकें बिक चुकी हैं। हीरो के काशीपुर, रामनगर, जसपुर, बाजपुर और सुल्तानपुर पट्टी में पिछले दो दिनों में 500 से अधिक बाइकें बिक चुकी हैं। होंडा बाइक के डीलर जितेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया कि 153 बाइक और स्कूटी बेची हैं। टीवीएस के शोरूम से 60 बाइकों की बिक्री हुई।
धनतेरस पर ह्यूंडई की 30 कारें बिकीं, जबकि पिछले साल 24 कारें बिकी थी। वहीं, महेंद्रा के मैनेजर शरीफ ने बताया कि इस बार कंपनी के 12 वाहन बिके हैं जबकि पिछले वर्ष 20 कारें बिकी थी। मारुति के सेल्स मैनेजर भूषण सिंह ने बताया कि इस साल उनके शोरूम से 80 कारें बिकी जबकि पिछले वर्ष इस कंपनी की 60 कारें बिकी थीं।
काशीपुर बाजार में खरीदारी करते लोग।- फोटो : KASHIPUR
रुद्रपुर के एक इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में खरीदारी करते लोग।- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर रोडवेज स्टेशन में बस में चढ़ने की मशक्कत करते यात्री।- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर के एक कार शोरूम से कार खरीदते ग्राहक।- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर में पूजा सामग्री खरीदते लोग।- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर के मुख्य बाजार में लगी खरीदारों की भीड़।- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर के नैनीताल हाइवे में रेंगते वाहन।- फोटो : RUDRAPUR