एक माह पहले ऑनलाइन बुक किए गैस कनेक्शन न देने से भड़के उपभोक्ताओं ने कोतवाली में हंगामा कर एसएसआई को तहरीर सौंपी। तहरीर बिना रिसीव किए एसएसआई सलाउद्दीन ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई करने का भरोसा दिया। आरोप है कि गैस एजेंसी अधिकारी और कर्मचारी नए कनेक्शन देने में टालमटोल कर रहे हैं।
सोमवार को दर्जनभर उपभोक्ता एकत्र होकर साइबर कैफे स्वामी को साथ लेकर कोतवाली पहुंचे। उन्होंने बाजपुर गैस एजेंसी अधिकारियों और कर्मचारियों पर ऑनलाइन बुक किए गैस कनेक्शनों को जारी न करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। आरोप है कि एक महीने पहले सुल्तानपुर पट्टी क्षेत्र के करीब 40 उपभोक्ताओं ने बाजपुर स्थित एक साइबर कैफे से ऑनलाइन गैस कनेक्शन बुक कराए थे। जिसका निर्धारित शुल्क करीब 4600 रुपए भी अकाउंट में जमा कराया गया था, लेकिन गैस एजेंसी अधिकारी ऑनलाइन बुक गैस कनेक्शन देने में आनाकानी कर रहे हैं। संतोषजनक जवाब न मिलने पर उपभोक्ता बेहद परेशान हैं। इस दौरान रमेश चंद, देव सिंह, अजेंद्र सिंह, साजिद, हामिद आदि थे। उपभोक्ताओं का कहना है कि ऑनलाइन बुक कराए गए कनेक्शनों को तत्काल देने का प्रावधान है, लेकिन अधिकारी लोगों को परेशान कर रहे हैं।