इलेक्ट्रॉनिक की दुकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी को चोरी गए माल के साथ गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार युवक अवैध हथियार रखने के आरोप में भी जेल जा चुका है।
बीती 29 अगस्त की रात में चोरों ने कुआंखेड़ा निवासी मंगतराम की सकैनिया कस्बे में बालाजी इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान के ताले काटकर गल्ले में रखे करीब 18-20 हजार रुपये और मोबाइल चुरा लिए थे। मामले में सोमवार को चौकी प्रभारी संजीव कुमार ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए बताया कि मुखबिर से मिली सूचना पुलिस ने कनकठा पुलिया के पास से ग्राम वमनपुरी निवासी बलविंदर सिंह को पकड़ा। उसके पास से ताला काटने के औजारों के अलावा एक मोबाइल एवं करीब 1040 रुपये की नगदी मिली। पूछताछ में बलविंदर सिंह ने बालाजी इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में चोरी की बात कुबूल की। बाद में पुलिस ने चोरी के आरोपी बलविंदर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। ब्यूरो