काशीपुर। मालधन में बना तुमड़िया डैम कई जगह से जर्जर हाे चुका है। ऐसे में 172 करोड़ से तुमड़िया डैम के जीर्णोद्धार के लिए डीपीआर शासन को भेजी गई थी। अब डीपीआर में संशोधन किया जा रहा है, नई डीपीआर में डैम के सभी गेटों के निर्माण कार्य को शामिल किया जा रहा है।
तुमड़िया डैम खस्ताहाल स्थिति में है। डैम की बिगड़ती स्थिति के कारण विभाग क्षमता से कम पानी भरने को मजबूर है जबकि डैम में 840 मीटर तक पानी भरा जाता है। ऐसे में सिंचाई विभाग ने डैम को मजबूत बनाने के लिए 172 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजी थी। इसके तहत डैम में पीचिंग, वाॅल्व समेत अन्य स्थानों की मरम्मत का कार्य कराया जाएगा। इसके तहत कमजोर दीवार, स्लूज गेटों की मरम्मत, सीपेज ड्रेन की सफाई, नए पिलर समेत अन्य कार्य किए जाएंगे। डीपीआर को लेकर शासन ने इसमें संशोधन कर सभी गेटों के निर्माण कार्य को शामिल करने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में अब सिंचाई विभाग नए सिरे से डीपीआर को तैयार कर रहा है। वहीं वर्तमान में डैम के दो कुएं क्षतिग्रस्त हो गए हैं, सिंचाई विभाग ने मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। पहली बरसात से पहले मरम्मत कार्य के पूर्ण होने की आशंका है।
तुमड़िया डैम के दो कुएं में मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। डीपीआर को संशोधित करते हुए इसमें डैम के सभी गेटों के निर्माण कार्य को शामिल किया जा रहा है। -अमित गुप्ता, अधिशासी अभियंता, सिंचाई विभाग, काशीपुर