रुद्रपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत आपत्तियों और नाम काटे जाने की आशंका पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने एडीएम पंकज उपाध्याय से मिलकर मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा।
ठुकराल ने आरोप लगाया कि कुछ आपत्तिकर्ताओं की ओर से वास्तविक मतदाताओं के खिलाफ अनावश्यक आपत्तियां लगाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से मतदाता सूची में दर्ज नागरिकों के नाम काटने की शिकायतें मिल रही हैं। आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल निर्वाचन विभाग और प्रशासन को गुमराह कर रहे हैं। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम गलत तरीके से हटाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सत्ता के दबाव में मताधिकार प्रभावित करने का प्रयास हुआ तो लोकतांत्रिक तरीके से विरोध होगा। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से एसआईआर प्रक्रिया में प्रत्येक आपत्ति की निष्पक्ष जांच करने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम बिना उचित सत्यापन के सूची से न हटाया जाए। साथ ही, आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग भी की गई। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष ममता रानी, जगदीश और ज्योति टम्टा शामिल रहीं।
-
खटीमा नगर पालिका ने 400 परिवार प्रमाणपत्र की प्रतियां दीं
एसआईआर में मिले नोटिसों का जवाब देने के लिए पड़ रही है जरूरत
संवाद न्यूज एजेंसी
खटीमा। एसआईआर में मिले नोटिसों का जवाब देने के लिए शहरी क्षेत्र के लोग काफी संख्या में परिवार प्रमाणपत्र लेने के लिए नगर पालिका कार्यालय पहुंच रहे हैं। खटीमा नगर पालिका अब तक लगभग 400 परिवारों को परिवार प्रमाणपत्र की प्रतियां उपलब्ध करा चुकी है।
नगर पालिका की ईओ प्रियंका आर्या ने बताया कि नगर पालिका से परिवार प्रमाणपत्र प्राप्त करने में लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो रही है। जिन लोगों को एसआईआर से संबंधित नोटिस मिले हैं उन्हें दस्तावेज के रूप में परिवार प्रमाणपत्र की आवश्यकता पड़ रही है। एक महीने में अब तक शहरी क्षेत्र के लगभग 400 परिवारों को प्रमाणपत्र की प्रतियां उपलब्ध कराई जा चुकी हैं।
-
शिविर में 240 लोगों को जारी हुआ परिवार रजिस्टर की नकल
शक्तिफार्म। विवेकानंद बंग भवन में आयोजित शिविर में विकासखंड कर्मियों ने 240 लोगों को निशुल्क परिवार रजिस्टर की नकल मुहैया कराई। शिविर शुक्रवार को भी जारी रहेगा।
मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण में मिले नोटिस के जवाब के लिए लोगों को दस्तावेज के रूप में परिवार रजिस्टर की प्रति की आवश्यकता पड़ रही है। इसे पाने के लिए लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मामला संज्ञान में आने पर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने खंड विकास अधिकारी को क्षेत्र में शिविर लगाकर निशुल्क परिवार रजिस्टर की प्रति उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। इसी के चलते बृहस्पतिवार को बंग भवन में शिविर आयोजित कर लोगों को निशुल्क परिवार रजिस्टर की प्रति उपलब्ध कराई गई। वहां पर गोविंद तालुकदार, संजय बाछड़, कृष्णपद मंडल, राजा हालदार, शंकर गोलदार, राजू डसीला आदि थे। संवाद