एसपी से मुलाकात कर निर्दोषों व मासूमों को प्रताड़ित न करने की मांग की
काशीपुर। आई लव मोहम्मद जुलूस में बवाल के बाद पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई के बाद कांग्रेसियों ने एसपी से मुलाकात कर घटना की निंदा की। कहा कि निर्दोषों व मासूमों को प्रताड़ित न किया जाए। जो लोग दोषी हैं उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को एसपी अभय सिंह से उनके कार्यालय में मुलाकात की। कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने बीती 21 सितंबर की देर रात मोहल्ला अल्ली खां में आई लव मोहम्मद जुलूस में बवाल की निंदा की। कांग्रेसियों ने घटना के बाद पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई पर कहा कि निर्दोष व मासूमों को प्रताड़ित न किया जाए। जो लोग वास्तव में दोषी हैं उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। कहा कि काशीपुर सभी धर्म जातियों का एक गुलदस्ता है, जिसे कुछ लोगों ने निजी स्वार्थ में तोड़ने का दुस्साहस किया गया है।
एसपी ने कांग्रेसियों को आश्वस्त किया कि किसी भी व्यक्ति के साथ नाइंसाफी नहीं होगी। पूर्ण निष्पक्षता के साथ कार्रवाई की जा रही है। यहां पर संदीप सहगल, पूजा सिंह, मनोज जोशी, उमेश जोशी, शफीक अहमद अंसारी, अब्दुल सलीम एडवोकेट व तरुण लोहनी आदि मौजूद रहे।