काशीपुर/बाजपुर। नेता प्रतिपक्ष एवं बाजपुर विधायक यशपाल आर्य ने कहा कि वैमनस्यता फैलाकर देश को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस इस साजिश को कामयाब नहीं होने देगी। परस्पर सौहार्र्द कायम रखने के लिए नौ से 15 अगस्त तक कार्यकर्ता पदयात्रा कर लोगों के साथ संवाद करेंगे। नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद यशपाल शुक्रवार को पहली बार काशीपुर पहुंचे थे। नवचेतना भवन में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
नेता प्रतिपक्ष आर्य ने कहा कि कांग्रेस का गौरवशाली अतीत रहा है। जब-जब कांग्रेस सत्ता में आई, तब-तब देश आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत हुआ है। कांग्रेस को फिर से सत्ता में लाना है। कहा कि काशीपुर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की धरती रही है। यहां कांग्रेस को स्थापित करने में स्वतंत्रता सेनानियों का बहुत बड़ा योगदान रहा है। कहा कि भाजपा सरकार का 100 दिन का कार्यकाल बेहद निराशाजनक है। इन सौ दिनों में कोई भी कार्ययोजना, एजेंडा और विकास योजना को लागू नहीं किया जा सका है।
प्रदेश सरकार कॉमन सिविल कोड की बात कर रही है। जो उनके अधिकार क्षेत्र में ही नहीं है। सरकार को महंगाई, बेरोजगारी और पलायन के मुद्दों पर बात करनी चाहिए लेकिन सरकार जनता से जुड़े मुद्दों पर चुप है। कहा कि अग्निपथ योजना को बिना शर्त वापस लिया जाना चाहिए। उदयपुर में कन्हैयालाल की निर्मम हत्या की वारदात को अंजाम देने के आरोपियों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाना चाहिए।
संचालन सुरेश शर्मा जंगी ने किया। वहां पूर्व सांसद केसी सिंह बाबा, कुंवर नरेंद्र चंद सिंह, मनोज जोशी, संदीप सहगल, डा. दीपिका गुड़िया, इंदूमान, मुक्ता सिंह, अलका पाल, हरीश कुमार सिंह, उमेश जोशी, प्रभात साहनी, विमल गुड़िया, अरुण चौहान, आशीष अरोरा, चेतन अरोरा, जितेंद्र सरस्वती, शफीक अंसारी, अजीज कुरैशी, इंदर सिंह, मंसूर अहमद, महेंद्र बेदी आदि मौजूद रहे।
इधर, देहरादून से काशीपुर आते समय नेता प्रतिपक्ष कुछ देर के लिए जसपुर में रुके। यहां विधायक आदेश चौहान के निवास पर हुई पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि देश की वर्तमान स्थिति को देखते हुए कांग्रेस ने भारत जोड़ो का नारा दिया है। 15 अगस्त तक कांग्रेस विधानसभा स्तर पर भारत जोड़ो कार्यक्रम आयोजित करेगी। वहां गजेंद्र चौहान, सुखदेव सिंह, मोहम्मद हनीफ, जाकिर हुसैन, डॉ शुभ चंद, राहुल गहलोत, खेम सिंह, मोहम्मद आरिफ, दूल्हे खान, शाहनवाज प्रधान, सुभाष चौहान, सर्वेश चौहान, राजेंद्र सिंह आदि थे।