काशीपुर। राधेहरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में अध्यक्ष पद सहित 11 पदों पर 9 सितंबर को छात्रसंघ चुनाव होना तय है। शुक्रवार को नाम वापसी, नामांकन प्रपत्रों की जांच शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
छात्रसंघ चुनाव प्रभारी डॉ. महिपाल सिंह ने बताया कि अध्यक्ष पद पर प्रीत ढींगरा और शुभम कनौजिया, उपाध्यक्ष पर पीयूष भारद्वाज, उपाध्यक्ष छात्रा पर आदेश, राखी यादव, सचिव पद पर मोहित रौतेला, संयुक्त सचिव पर शैलेश गुप्ता, आमिर हुसैन, कोषाध्यक्ष पर विवेक कुमार शर्मा, हिमांशु गौतम, विवेक कुमार, सांस्कृतिक सचिव पर प्रियंका, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पर गुरविंदर सिंह, सौरभ कुमार, नौशाद अली, कला संकाय प्रतिनिधि पर सुंदर लाल, विज्ञान संकाय प्रतिनिधि पर कमलकांत गौतम, भूपेंद्र सैनी, वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि पर सुमित राय, हर्ष वर्मा वैध प्रत्याशि घोषित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष छात्रा और विज्ञान संकाय प्रतिनिधि पद पर आपत्तियां दर्ज की गई थी लेकिन तीनों आपत्तियां खारिज हो गई। महाविद्यालय में पहली बार शांतिपूर्वक चुनाव प्रक्रिया चल रही है।
अध्यक्ष पद पर प्रत्याशी राजा का परचा खारिज, हंगामा
सितारगंज। राजकीय महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव को लेकर किए गए नामांकन पत्रों की जांच में दो परचे अवैध घोषित कर उन्हें खारिज कर दिया गया। अध्यक्ष पद पर शक्तिफार्म क्षेत्र के छात्र नेता का परचा खारिज होने से उनके समर्थक भड़क गए और महाविद्यालय गेट पर धरने पर बैठ गए। उन्होंने कॉलेज की चुनाव समिति पर राजनीतिक दबाव में परचा खारिज करने का आरोप लगाया। समर्थकों के हंगामे को देख कॉलेज में पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है। इस मामले में प्राचार्य से बात करनी चाही तो उन्होंने अपना मोबाइल फोन ही स्विच ऑफ कर लिया।
शुक्रवार को छात्रसंघ के 11 पदों पर नामांकन पत्रों की जांच की गई। शाम करीब पांच बजे कॉलेज के चुनाव समिति की ओर से वैध प्रत्याशियों की सूची जारी की गई। अध्यक्ष पद पर नामांकन करने वाले तीन प्रत्याशियों में से शक्तिफार्म क्षेत्र के छात्र नेता राजा हालदार का परचा खारिज कर दिया गया।
सूची में राजा के नामांकन पर गलत शपथ देकर प्रवेश लेने और शिकायत एवं आपत्ति पाए जाने का हवाला दिया गया। इसके अलावा वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि के पद पर परचा दाखिल करने वाले दानिश अंसारी के परचे पर नियमानुसार प्रस्ताव और अनुमोदक वाणिज्य संकाय के न होने का कारण बताते हुए परचा निरस्त कर दिया गया।
अध्यक्ष पद पर राजा हालदार का परचा खारिज होने पर उनके समर्थक भड़क गए और कॉलेज की चुनाव समिति पर बिना कारण बताए व राजनीतिक दबाव में परचा खारिज करने और शाम पांच बजे के बाद वैध प्रत्याशियों की सूची जारी करने का आरोप लगाते हुए धरने पर बैठ गए। प्रत्याशी हालदार ने कहा कि परचा खारिज का साक्ष्य देने तक धरना जारी रहेगा।
वहीं, कॉलेज चुनाव समिति के लोग भी सूची चस्पा करने के बाद चले गए। इधर, एसडीएम विवेक प्रकाश ने बताया कि मामले की उन्हें जानकारी नहीं है। परचा खारिज करने का कोई तो कारण रहा होगा। प्राचार्य से बात की जाएगी। वहां पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष मिथुन पहाड़, रमन जायसवाल, संदीप बावा, सोनिया मंडल, राहुल राय, शुभम विश्वास, आकाश हालदार, अजय आर्या, गोविंद, कपिल मंडल, प्रकाश दास, राजू डसीला आदि थे।
खटीमा में उपाध्यक्ष पद के एक प्रत्याशी का नामांकन पत्र अवैध घोषित
खटीमा। हेमवती नंदन बहुगुणा राजकीय स्नानकोत्तर महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में उपाध्यक्ष छात्र पद पर दो, कोषाध्यक्ष, सचिव और विवि प्रतिनिधि में एक-एक प्रत्याशी ने नामांकन वापस ले लिया। उपाध्यक्ष छात्र पद पर एक प्रत्याशी के प्रस्तावक के कमजोर वर्ग प्रमाण पत्र की जांच के बाद प्रत्याशी का नामांकन अवैध किया गया।
शुक्रवार को नाम वापसी और नामांकन पत्रों की जांच के बाद मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. केवी श्रीवास्तव ने बताया कि चुनाव में उपाध्यक्ष छात्र में प्रमोद कुमार गड़कोटी, राहुल कुमार व सचिव पद पर सुमन, कोषाध्यक्ष पद पर हीरा सिंह बोरा, विवि प्रतिनिधि पद पर गौरव सिंह कोटिया ने नाम वापस लिया।
बताया कि उपाध्यक्ष छात्र पद के प्रत्याशी मो. आसिफ अंसारी के प्रस्तावक परवाज अहमद (बीए प्रथम सेमेस्टर) का तहसीलदार खटीमा के पत्र के अनुसार प्राप्त आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए प्रमाण पत्र फर्जी अभिलेख प्रस्तुत कर प्राप्त किया गया है, इस पर उनका प्रवेश निरस्त करते हुए उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी मो. आसिफ का नामांकन अवैध घोषित कर दिया गया है।
बताया कि अब अध्यक्ष पद पर लक्ष्मण खर्कवाल व सुमित बहादुर पाल, उपाध्यक्ष छात्र पद पर नायाब हुसैन व राहुल कुमार, उपाध्यक्ष छात्रा पद पर रजनी जोशी व शिवानी राना, सचिव पद पर नितिन कुमार श्रीवास्तव व शिवम गुप्ता, संयुक्त सचिव पद पर अभिषेक कुमार व इमरान कुरैशी, कोषाध्यक्ष पद पर आंचल राना व मो. अदनान का नामांकन वैध घोषित किया गया।
इसके अलावा विवि प्रतिनिधि पद पर दीपक कुमार व संकाय प्रतिनिधि वाणिज्य पद पर सौरभ भारती का ही नामांकन होने से इन पदों पर उनका निर्विरोध निर्वाचन तय है। इस बीच प्राचार्य डॉ. एआर अंसारी के समक्ष प्रस्ताव के प्रमाण पत्र का मामला उठा। इधर, एसडीएम निर्मला बिष्ट ने भी कॉलेज पहुंचकर नामांकन पत्रों की जांच आदि को लेकर जानकारी ली।
सितारगंज में धरना प्रदर्शन करते छात्र व तैनात पुलिस फोर्स।- फोटो : SITARGANJ