रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी पार्क में आयोजित ऊधमसिंह नगर कार्निवाल सरस आजीविका मेला-2026 का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने 295.21 करोड़ के 61 कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया।
सीएम धामी ने 123.91 करोड़ के 26 विकास कार्याें का लोकार्पण किया। इसमें चिकित्सा विभाग का 20.35 करोड़ का एक कार्य, लोनिवि के 9.01 करोड़ के पांच कार्य, नगर निगम रुद्रपुर के 38.60 करोड़ के नौ कार्य, पशुपालन विभाग के 4.74 करोड़ का एक कार्य, संस्कृति विभाग का 95 लाख का एक कार्य, सिंचाई विभाग का 26.52 करोड़ के दो कार्य, खेल विभाग के 19.02 करोड़ के चार कार्य, शिक्षा विभाग के 3.18 करोड़ का एक कार्य, नगर पंचायत सुल्तानपुर पट्टी का 96 लाख का एक कार्य, नगर पालिका परिषद बाजपुर का 58 लाख का एक कार्य शामिल रहे।
इसी तरह 171.30 करोड़ के 35 कार्यों का शिलान्यास किया जिसमें लोनिवि के 93.92 करोड़ के पांच कार्य, नगर निगम रुद्रपुर के 59.53 करोड़ के 19 कार्य, पशुपालन विभाग के 3.47 करोड़ का एक कार्य, शिक्षा विभाग के 7.41 करोड़ के दो कार्य, ग्रामीण निर्माण विभाग के 6.97 करोड़ के आठ कार्य शामिल रहे।
सीएम ने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि ये परियोजनाएं रुद्रपुर को विकास, विश्वास और भविष्य की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का मजबूत आधार बनेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य विकास और समृद्धि के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। सरकार शहरों से लेकर सुदूर पर्वतीय गांवों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल सहित सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत कर रही है। कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, मेयर विकास शर्मा, विधायक शिव अरोरा आदि ने विकास के लिए कई मांगें रखीं।