रुद्रपुर में कंपनी के गेट के बाहर बैठे कर्मचारी।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। सिडकुल की एक कंपनी के सामान समेटकर भागने की सुगबुगाहट के बीच कर्मचारियों ने गेट पर पहरा बैठा दिया है। वहीं इस संबंध में कर्मचारियों की ओर से एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है जिसमें कंपनी से कच्चा माल बाहर ले जाने का दावा किया गया है। इस संबंध में दोनों पक्षों ने पुलिस चौकी में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सिडकुल की इंटरार्क कंपनी कंपनी लोहे का सामान बनाती है। लंबे समय से कंपनी प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच विवाद चल रहा है। कर्मचारी बाहर निकाले गए मजदूरों को वापस लेने और वेतन वृद्धि की मांग को लेकर आंदोलित हैं। कर्मचारी नेता दलजीत सिंह का कहना है कि गुपचुप तरीके से सामान निकालकर कंपनी को अन्यत्र शिफ्ट करने की योजना है जिसे किसी हाल में कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।
कर्मचारियों का कहना है कि कंपनी में कच्चा माल आता है और उसे तैयार करके बाहर भेजा जाता है। ऐसे में कच्चा माल ही बाहर भेजना संदिग्ध लग रहा है, जिसके विरोध में सोमवार को भी बड़ी संख्या में कर्मचारी गेट पर ही तैनात रहे। इस दौरान उन्होंने मौके पर नारेबाजी भी की। कर्मचारी दिन-रात कंपनी के बार बैठे हैं।
वहीं कंपनी के एचआर प्रमुख बीबी श्रीधर ने बताया कि कर्मचारियों ने काम लगभग ठप कर दिया है जिससे कंपनी को बड़े पैमाने पर नुकसान हो रहा है। कंपनी के सामान लेकर भागने की बात अफवाह है। उन्होंने आवश्यक सामग्री बाहर ले जाने से रोकने पर सिडकुल पुलिस चौकी में तहरीर दी गई है।
दोनों पक्षों की शिकायत मिलने पर मामले का संज्ञान लिया गया है। नोटिस भेजे गए हैं। दोनों पक्षों को सुनने के बाद ही सही स्थिति का पता चल पाएगा। उसके बाद ही कोई कदम उठाया जाएगा।
-अरविंद सैनी, सहायक श्रमायुक्त, रुद्रपुर