रुद्रपुर कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन करते किसान।
- फोटो : RUDRAPUR
फौजी मटकोटा में प्रधानमंत्री सड़क योजना से बनाई जा रही नई सड़क पर घरों का गंदा पानी बहने से किसान भड़क उठे। आक्रोशित किसानों ने कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर सड़क के किनारे नाली निर्माण की मांग की। शीघ्र नाली निर्माण न होने पर उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी।
बुधवार को भारतीय किसान संघ के सदस्यों ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि शहरी क्षेत्र के परिसीमन के बाद फौजी मटकोटा गांव नगर निगम क्षेत्र में शामिल हो चुका है। वार्ड नंबर 32 में पड़ने वाले फौजी मटकोटा क्षेत्र में कई भवनों के आगे दूषित पानी के प्रवाह की व्यवस्था नहीं हैं। जिस कारण घरो से निकलने वाला दूषित पानी प्रधानमंत्री सड़क योजना से बन रही नई सड़क पर बह रहा है।
उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों पर भी लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र नवनिर्मित सड़क के किनारे नाली निर्माण करने की मांग की। वहां पर भारतीय किसान संघ के प्रदेश महामंत्री कुंवरपाल सिंह दहिया, मंजू कैंथोला, चंद्रकला, सरस्वती चौहान, नवनीत मिश्रा, सुनीता देवी, रजत, कमलेश यादव, श्याम सिंह, इंद्रपाल सिंह आदि थे।