खटीमा के मझोला में बाजार बंद कर जुलूस निकालते व्यापारी एवं भाकियू के लोग।
- फोटो : KHATIMA
मझोला चीनी मिल चलाने की मांग पुरजोर तरीके से उठने लगी है। मिल चलाने की मांग को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा और व्यापार मंडल मझोला (पीलीभीत) के संयुक्त आह्वान पर बुधवार को मझोला बाजार बंद रखा गया। व्यापार मंडल ने चेतावनी दी कि यदि चीनी मिल चलाने को लेकर सरकार का नजरिया नहीं बदलता है तो मझोला बाजार अनिश्चितकाल के लिए बंद रखा जाएगा।
भारतीय किसान यूनियन जिलाध्यक्ष गुरसेवक सिंह एवं अन्य सहयोगी किसान संगठनों द्वारा पूर्व में दिए गए सांकेतिक धरने को मझोला (पीलीभीत) व्यापार मंडल ने समर्थन दिया। व्यापार मंडल प्रदेश अध्यक्ष कपिल अग्रवाल सहित अन्य संगठनों के आह्वान पर बुधवार को मझोला बाजार बंद रखा। व्यापारियों ने बैनर, पोस्टरों के साथ मुख्य बाजार में प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने कहा कि मिल बंद होने से 11 साल में मझोला के व्यापारियों का कारोबार चौपट हो चुका है।
यदि सरकार जल्द सुचारू नहीं करेगी तो व्यापारी अनिश्चितकाल तक अपनी दुकानें बंद रखेंगे। धरना प्रदर्शन करने वालों में व्यापार मंडल जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रेम गोयल, नगर अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, महामंत्री सलीम इदरीशी, युवा व्यापार मंडल अध्यक्ष अमृत पाल, नितेश अग्रवाल, राकेश मित्तल, भाकियू अध्यक्ष तनवर सिंह, महामंत्री गगनदीप, दर्शन सिंह, गुरमीत सिंह, मोहम्मद अनवर अंसारी आदि थे।