नानकमत्ता। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर महिला ने युवक को वर्क वीजा के बदले टूरिस्ट वीजा देकर मलयेशिया भेज दिया। टूरिस्ट वीजा की अवधि खत्म होने पर मलयेशिया से परेशान होकर लौटे युवक ने पुलिस महानिदेशक से ठगी की शिकायत की। पुलिस महानिदेशक के आदेश पर पुलिस ने महिला के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी हैं।
थाना क्षेत्र के ग्राम सुंदर नगर निवासी विजय सिंह ने पुलिस महानिदेशक को भेजे शिकायती पत्र में बताया ग्राम पक्की खमरिया निवासी महेंद्र कौर ने उसे झांसे में लेकर बताया कि उसका पति ईश्वर सिंह उर्फ सोनू मलयेशिया में काम करता है। वह उसे भी वर्क परमिट पर मलयेशिया में काम पर लगा देगा।
वर्क वीजा के नाम पर महिला ने उससे कई बार में 84 हजार रुपये लिए, जबकि पति के अकाउंट में एक लाख रुपये डलवाए। जब वह मलयेशिया पहुंचा तो उसे पता चला कि उसका 60 दिन का टूरिस्ट वीजा है। मलयेशिया से लौटकर उसने महिला से रुपये वापस मांगे। इस पर महिला गाली गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी। महानिदेशक के आदेश पर पुलिस ने महिला के विरुद्ध आईपीसी की धारा 420, 504 व 506 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।