काशीपुर। मां बाल सुंदरी के दर पर लगने वाला उत्तर भारत का ऐतिहासिक चैती मेला आज अधूरी तैयारियों की बीच शुरू हो जाएगा। मेले का उद्घाटन धार्मिक अनुष्ठान के साथ ध्वजारोहण सांसद अजय भट्ट करेंगे। मेला परिसर में अब तक 50 फीसदी दुकान भी नहीं लग सकी है।
मां बाल सुंदरी देवी के भक्तों की इंतजार की घड़ियां खत्म हुईं और उत्तर भारत का ऐतिहासिक चैती मेले का शुभारंभ आज ध्वजारोहण के साथ हो जाएगा। मेला मजिस्ट्रेट/एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे सांसद अजय भट्ट धार्मिक अनुष्ठान के साथ ध्वजारोहण के साथ मेले का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान शहर के गणमान्य नागरिकों और राजनीतिक दलों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि मेला परिसर में दुकानें, खेल-तमाशा, पार्किंग आदि लगाने का कार्य जारी है।
बता दें कि चैती मेले का टेंडर इसी माह सात मार्च को खुला था। इसके चलते दुकानें, खेल-तमाशा, पार्किंग ठेकेदार अब तक तैयारी में जुटे हैं। अनुमान के मुताबिक, मेले में लगभग 500 दुकानें लगेंगी लेकिन अब तक आधी दुकानें भी नहीं स्थापति हो पाई हैं। वहीं खेल-तमाशा क्षेत्र में विभिन्न प्रकार के लगभग 21 झूले रामपुर (यूपी) से आए हैं जिन्हें लगाने का काम चल रहा है। मेले में कारोबार करने वाले कई लोगों ने कहा कि मेला प्रशासन देरी से टेंडर करता है जिसके कारण मेला समय से सज नहीं पाता है।
आज से शुरू होगी मां भगवती की अराधना
मां बाल सुंदरी देवी मंदिर के मुख्य पंडा विकास अग्निहोत्री ने बताया कि बृहस्पतिवार को सुबह धार्मिक अनुष्ठान के साथ घट स्थापना, पंचोपचार पूजन, सप्तसती पाठ और उसके बाद हवन-पूजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके बाद नियमित रूप से हवन-पूजन का आयोजन होगा और 25 मार्च की अर्द्धरात्रि को मां बाल सुंदरी देवी का डोला मंदिर परिसर पहुंचेगा।