खटीमा। कैशियर पर कंपनी के 21,12,820 रुपये का गबन करने का आरोप लगा है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
अमरिंदर सिंह ने बताया कि वह श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड, पंजीकृत कार्यालय खटीमा में शाखा प्रबंधक है। उनकी शाखा में खटीमा निवासी विकास आनंद कैशियर था। उनकी कंपनी में आने वाले ग्राहकों से विकास नकद भुगतान प्राप्त करके ग्राहकों को रसीद देने और धनराशि को कंपनी के खाते में जमा करने का कार्य करता था।
कंपनी का कैश ऑडिट चार जुलाई 2025 को किया गया जिसमें यह तथ्य सामने आया कि 4,65.977 रुपये कंपनी में कम जमा हुए है। इसकी जानकारी विकास से ली तो उसने बताया कि यह रकम उसने अपने व्यक्तिगत कार्य में लगा ली है और वह कंपनी को यह रकम जल्द अदा कर देगा।
विकास ने पांच जुलाई 2025 को 1,00,000 रुपये कंपनी के खाते में जमा कर दिए और शेष धनराशि को नौ जुलाई 2025 तक अदा करने का वादा किया था। इसके बाद नौ जुलाई 2025 को शेष धनराशि 3,66,000 रुपये अदा किए। नौ जुलाई को ही विकास ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
इसके बाद ग्राहकों ने जानकारी दी कि उनकी किस्त बाउंस हो रही हैं जिसके बाद यह तथ्य सामने आया कि विकास ने ग्राहकों से नकद पैसे प्राप्त कर फर्जी व कूटरचित भुगतान रसीदें बनाकर स्वयं हस्ताक्षर करके दे दी थी। इसके बाद कंपनी का दोबारा ऑडिट कराया गया जिसकी रिपोर्ट 28 अगस्त 2025 के अनुसार यह तथ्य प्रकाश में आया कि विकास के कार्यरत रहते हुए 35 ग्राहकों से धनराशि प्राप्त कर कुल 21,12,820 रुपये का गबन कर लिया है।
विकास ने यह धनराशि कंपनी के खाते में जमा नहीं की। इसके बाद जब विकास से संपर्क करने का प्रयास किया तो उसने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। साथ ही यह धमकी दी कि परेशान करने पर वह आत्महत्या कर लेगा। सीओ विमल रावत का कहना है कि मामले की विस्तार से जांच की जा रही है।