रुद्रपुर। अदालत के आदेश पर पुलिस ने एक व्यक्ति और उसके चार बेटों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में वार्ड 24 रंपुरा निवासी नेमपाल ने कहा कि 22 मार्च की रात उनके किराना स्टोर पर पड़ोसी अनूप आया और गालीगलौज करने लगा था।
उसने और बेटे अर्जुन ने विरोध किया तो आरोपी अपने भाई केशव, देवेंद्र, कमल, पिता रमेश और भांजे के साथ उसके घर पहुंच गया। आरोपियों ने घर में घुसकर पत्नी मुन्नी देवी, बेटे अर्जुन और करन पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। केशव ने तलवार मारकर बेटे अर्जुन का सिर फोड़ दिया। अनूप घूसा मारकर अर्जुन का दांत तोड़ दिया।
अनूप ने उनकी पत्नी के पैर पर तलवार मारकर चोट पहुंचाई थी। घायल अर्जुन, करन, राकेश, रितिक व मुन्नी देवी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
गंभीर चोट होने के कारण अर्जुन का हल्द्वानी के एसटीएच में इलाज कराया गया। उन्होंने 23 मार्च को रंपुरा चौकी में तहरीर दी थी लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
तीन अप्रैल को कोतवाल और सात अप्रैल को एसएसपी को रजिस्टर्ड डाक से शिकायत दी गई। अदालत के आदेश पर पुलिस ने रमेश और उसके चार बेटों अनूप, केशव, देवेंद्र व कमल के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।