रुद्रपुर। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने नागरिक सुरक्षा पूर्वाभ्यास के संबंध में अधिकारियों की वर्चुअल बैठक ली। कहा कि पूरे प्रदेश में मॉकड्रिल की जाएगी। उन्होंने कहा कि मानवजनित आपदा के साथ ही युद्ध जैसी परिस्थिति के लिए नागरिकों को जागरूक किया जाए। आपातकालीन संचार व्यवस्था का प्रबंध करने के लिए कहा।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि पूर्वाभ्यास गतिविधि से जनता में किसी प्रकार का पैनिक न हो, इसके लिए लगातार संवाद किया जाए। नागरिकों को मॉक ड्रिल और उसके लाभ से अवगत कराया जाए। कहा कि आपातकालीन और विपरीत परिस्थितियों में आमजन को क्या-क्या करना है, क्या नहीं करना है, इसकी जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के साथ ही जिला स्तरीय नागरिक सुरक्षा समितियों को सक्रिय किया जाए। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित करने के साथ ही आपदा के दौरान अलर्ट जारी करने के लिए सायरन सिस्टम दुरुस्त करें। एसएमएस, व्हाट्सएप पर अलर्ट संदेश भेजने की व्यवस्था की जाए। वर्चुअल बैठक में डीएम एनएस भदौरिया और अन्य अधिकारी मौजूद थे। संवाद