काशीपुर। मुख्य चौराहा पर आरओबी के नीचे सो रहे खानाबदोश को मौत के घाट उतारने के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने डंपर को घटना वाले दिन ही कब्जे में ले लिया था।
यूपी के सुल्तानपुर के ग्राम बभनैया पूरब निवासी राजवती ने कोतवाली पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा है कि उसका परिवार काशीपुर में मजदूरी कर जीवन यापन करता है। बीती पांच जुलाई को उसका परिवार महाराणा प्रताप चौक के पास आरओबी के नीचे सो रहा था।
सुबह करीब 5:30 बजे रामनगर की ओर से आ रहे रेत से भरे डंपर के चालक ने तेजी व लापरवाही से वाहन चलाकर उसे व उसके पति अर्जुन (35) पुत्र द्वारिका को रौंद दिया। हादसे में उसके पति की मौत हो गई जबकि वह और उसका चार वर्षीय बेटा घायल हो गया। हादसे के बाद चालक डंपर को छोड़कर फरार हो गया। आसपास के लोगों ने उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस आरोपी डंपर चालक की तलाश कर रही है।