रुद्रपुर।
बदायूं गई बरात से लौट रहे युवकों की कार रामपुर जिले के शाहबाद में गन्ना लदी ट्राॅली में टकरा गई। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। निजी अस्पताल में भर्ती एक घायल की हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को वार्ड नंबर 24 रंपुरा निवासी प्रेम कोली की बरात ग्राम दौलतपुर थाना बिलसी बदायूं गई थी। बरात में शामिल होकर मोहल्ले के ही सात युवक कार से घर लौट रहे थे। सोमवार देर रात करीब दो बजे उनकी कार शाहबाद-सिरौली रोड पर गन्ना लदी ट्राॅली के पीछे जा घुसी। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने बताया कि हादसे में रवि कोली (30) और पप्पू कोली (35) निवासी वार्ड नंबर 24 रंपुरा की मौके पर ही मौत हो गई थी। घायल रोशन कोली (42), शंकर कोली(35), ओमप्रकाश कोली (30) और गुड्डू (30) को रुद्रपुर के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि कार सवार गोवर्धन सकुशल बच गया। रामपुर से पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव रंपुरा पहुंचे तो परिजनों में चीख पुकार मच गई।
-
कभी भी हो सकती है रवि की पत्नी की डिलीवरी
रुद्रपुर। हादसे में जान गंवाने वाले रवि और पप्पू शादीशुदा हैं। रवि का अपना काम था, जबकि पप्पू कपड़े की दुकान में नौकरी करता था। रवि तीन भाईयों में सबसे बड़ा था और परिवार का भरण पोषण करता था। पप्पू भी दो भाइयों में बड़ा था। रवि की पत्नी पूजा गर्भवती है। उसकी 10 मार्च को डिलीवरी की तारीख थी। उसके परिजन पूजा की डिलीवरी को लेकर भी चिंतित दिखाई पड़े। मोहल्ले की महिला ने बताया कि रवि के दो बच्चे हैं और तीसरा होने वाला है लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
-
ठुकराल ने की मदद की अपील
रुद्रपुर। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल रोशन कोली का शहर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है लेकिन इलाज में ज्यादा खर्च हो रहा है और परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने रोशन के इलाज के लिए लोगों से आर्थिक मदद की अपील की है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया एकाउंट से अपील को साझा भी किया है। संवाद
-
रवि चला रहा था कार
रुद्रपुर।
घटना के समय कार में सात लोग सवार थे। हादसे में सकुशल बचे गोवर्धन ने बताया कि घायल शंकर मुख्य बाजार में किसी व्यापारी के प्रतिष्ठान में काम करता है। शंकर ही कार लेकर आया था और घटना के समय रवि कार चला रहा था। सब कुछ ठीक था और सभी जगे हुए थे। इसी दौरान कार आगे चल रही गन्ना लदी ट्राली के पीछे टकरा गई। संवाद