पूर्णागिरी कालोनी अमाऊं में विवाहिता ने खुद को कमरे में बंद कर फांसी लगाकर जान दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है। घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट में महिला ने मौत की जिम्मेदार खुद को बताया है। बताया जाता है कि कुछ समय पहले ही पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी। पुलिस ने मृतका के मायके वालों को सूचना दे दी है।
पूर्णागिरी कॉलोनी में किराए के मकान में रह रही लांगुरा भमौरा जिला बरेली निवासी पूनम रानी (25) पत्नी गौरव सक्सेना ने खुद को कमरे में बंद कर अपनी चुन्नी से पंखे से लटककर जान दे दी। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाल ध्यानी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों से जानकारी ली।
उन्होंने बताया गौरव सक्सेना वोडाफोन के शोरूम में सेल्समैन का काम करता है। दोपहर में पति-पत्नी के बीच रात में देर से आने को लेकर कहासुनी हो गई थी उसके बाद पूनम कमरे में चली गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया जबकि गौरव व उसका तीन वर्षीय पुत्र बाहर बैठे रहे। कुछ समय तक दरवाजा न खुलने पर उन्होंने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया तो अंदर से कोई आवाज नहीं आई। जिस पर उन्होंने खिड़की से देखा तो पूनम पंखे से लटकी हुई थी। उन्होंने तत्काल ग्राम प्रधान मोहिनी पोखरिया, भगत सिंह पोखरिया सहित कई लोगों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर पूनम को नीचे उतारा लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। ग्राम प्रधान ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला जिसमें लिखा है कि अगर मैं मर जाती हूं तो इसकी जिम्मेदार मैं खुद हूं। पुलिस ने मृतका के मायके वालों को सूचना दे दी है। देर शाम सीओ लोकजीत सिंह ने भी घटनास्थल का मुआयना किया।