फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीमेंट, सरिया व्यापारी का अपहरण

Sun, 21 May 2017 01:11 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, सितारगंज। 
विज्ञापन
व्यापारी का अपहरण - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
सितारगंज। अज्ञात बदमाशों ने दुकान बंद कर स्कूटी से घर लौट रहे सरिया, सीमेंट व्यापारी का सरेशाम अपहरण कर लिया। अपहरणकर्ताओं ने दुकान से एक किमी दूरी पर मुख्य सड़क पर घटना को अंजाम दिया और सड़क किनारे स्कूटी फेंककर व्यापारी को ले गए। पुलिस ने घटनास्थल से स्कूटी, व्यापारी की चप्पल बरामद कर जिलेभर में नाकाबंदी कर तलाश की। सिडकुल, नंधौर वैली के जंगल में भी सघन कांबिंग की लेकिन, अपहरणकर्ताओं, व्यापारी का पता नहीं चला। एसएसपी ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का मुआयना किया और अपहृत व्यापारी के घर पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की। एसएसपी ने घटना के खुलासे के लिए एसओजी, फॉरेंसिक एक्सपर्ट, डॉग स्क्वॉयड की टीमों को छानबीन में लगाया है।
विज्ञापन


  नगर के वार्ड एक सिडकुल रोड निवासी रवीश कुमार गर्ग उर्फ दीपक (34) पुत्र राजेंद्र कुमार गर्ग की सिसौना गांव में साहिल बिल्डिंग मैटेरियल के नाम से सरिया सीमेंट की दुकान है। रोज की तरह शुक्रवार की सुबह 7:30 बजे रवीश गर्ग स्कूटी (यूके06एक्स-8784) से अपनी दुकान पर चला गया। रात को करीब आठ बजे रवीश के पिता राजेंद्र गर्ग ने उसके फोन पर बात कर घर आने के बारे में पूछा तो रवीश ने बताया कि दुकान बंद कर दी है, अब चलने वाला है। जैसे ही वह दुकान बंद कर घर के लिए निकला रास्ते में बरुआबाग तिराहे पर घात लगाए बदमाशों ने उसकी स्कूटी रोक ली और अपहरण कर ले गए। बदमाशों ने उसकी स्कूटी को तिराहे पर ही सड़क किनारे फेंक दिया।

वहां से गुजर रहे टैंपो चालक ने सिडकुल पुलिस चौकी को सड़क किनारे स्कूटी पड़े होने की जानकारी दी। तभी रवीश के परिजन कोतवाली पहुंच गए और उन्होंने कोतवाल बीएस भाकुनी को रवीश का अपहरण होने की सूचना दी। इस पर पुलिस सकते में आ गई। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पहुंचकर स्कूटी को कब्जे में ले लिया। घटनास्थल से रवीश की चप्पल भी बरामद की। पुलिस ने व्यापारी की तलाश में जिलेभर में नाकाबंदी कर तलाशी ली। एएसपी देवेंद्र पिंचा ने पुलिस टीम के साथ रातभर सिडकुल, चोरगलिया के जंगल में भी कांबिंग की लेकिन, कोई पता नहीं चला। शनिवार को एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने घटनास्थल का मुआयना किया और परिजनों से अलग बात कर उनके बयान लिए।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि खुलासे के लिए पुलिस टीमें लगी हैं। जल्द ही व्यापारी को सकुशल घर लाया जाएगा। फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने भी जांच शुरू कर दी है। टीम ने घटनास्थल और वहां से बरामद स्कूटी, चप्पल से फिंगर प्रिंट लिए हैं। डॉग स्क्वॉयड की टीम ने घटना से बैगुल तटबंध होकर शक्तिफार्म रोड तक सघन छानबीन की। व्यापारी की दुकान से सिडकुल, नंधौर वैली के जंगलों में तलाश की जा रही है। व्यापारी के अपहरण से घर में कोहराम मचा है। रवीश की बूढ़ी मां शारदा देवी, पत्नी सारिका, बेटी खुशी, परी, पांच वर्षीय बेटे अंशु का रो-रोकर बुरा हाल है।

सितारगंज। सौम्य, मृदुल स्वभाव के सरिया, सीमेंट व्यापारी रवीश कुमार गर्ग की किसी से कोई दुश्मनी या रंजिश सामने नहीं आई। अधिकांश लोग फिरौती के लिए व्यापारी का अपहरण होना मान रहे हैं। परिजनों का कहना है कि रवीश या फिर परिवार के किसी भी सदस्य की किसी से रंजिश नहीं हुई। रवीश दस साल से सिसौना में दुकान चला रहा है। इन दस सालों के बीच कभी किसी से कोई कहासुनी तक नहीं हुई। सिसौना के व्यापारियों में भी उनकी खास पहचान है। इसलिए व्यापारियों ने शनिवार को सुबह से ही बाजार बंद रखा और घटना के विरोध में रोष जताया। वहीं, सारा दिन रवीश के घर पर भी व्यापारियों का तांता लगा रहा। ब्यूरो

सितारगंज। अपहृत रवीश कुमार के साले की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल बीएस भाकुनी ने बताया कि वार्ड नौ निवासी दीपक अग्रवाल पुत्र ओमप्रकाश अग्रवाल ने तहरीर देकर अज्ञात बदमाशों पर अपने बहनोई रवीश गर्ग के अपहरण का आरोप लगाया है। उनकी तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ आईपीसी की धारा 365 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। ब्यूरो 

सितारगंज। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल ने सरेशाम सरिया, सीमेंट व्यापारी रवीश गर्ग के अपहरण पर गहरा आक्रोश जताया है। प्रदेश उपाध्यक्ष शिवकुमार मित्तल, नगराध्यक्ष संजय गोयल ने कहा कि अगर, 24 घंटे के भीतर घटना का खुलासा नहीं किया गया तो शहर में बाजार बंद कर धरना, प्रदर्शन किया जाएगा। ब्यूरो

सितारगंज। बरुआबाग तिराहे पर घटनास्थल से 50 मीटर की दूरी पर स्थित घर की एक महिला ने घटना में एक बुलेट, तीन बाइक सवार बदमाशों के होने की जानकारी दी। उसने पुलिस को बताया कि रात करीब 8:20 बजे सड़क पर करीब पांच-छह लोग झगड़ रहे थे और कुछ ही देर में सभी वहां से चले गए। इनमें एक के पास बुलेट थी और अन्य तीन बाइकें थीं। इनमें दो बाइकें सिडकुल की ओर रवाना हुईं। हालांकि सीओ स्वतंत्र कुमार सिंह से पूछने पर उन्होंने कुछ भी नहीं बताया। पुलिस ने सिसौना बाजार के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले। सीसीटीवी कैमरे से पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण तथ्य भी हाथ लगे हैं। कैमरे में पुलिस को एक पल्सर बाइक संदिग्ध मिली है। उन तथ्यों पर पुलिस टीमों ने जांच भी शुरू कर दी है। 

सितारगंज। सरिया, सीमेंट व्यापारी रवीश कुमार गर्ग के अपहरण कांड में पुलिस की जांच त्रिकोणीय एंगल पर आकर टिक गई है। कयास लगाए जा रहे हैं कि कहीं लूट, व्यावसायिक लालच या फिर रंजिश से घटना के तार तो नहीं जुड़े हैं। इन बिंदुओं पर पुलिस गहनता से पड़ताल कर रही है। वार्ड एक निवासी रवीश कुमार गर्ग रात को दुकान बंद कर करीब 40 हजार रुपये लेकर आ रहा था। माना जा रहा है कि रास्ते में उसे बदमाशों ने लूट लिया। घटनास्थल पर रवीश की बदमाशों से झड़प भी हुई और जब रवीश ने उन बदमाशों को पहचान लिया हो तो वह उसका अपहरण कर अपने साथ ले गए।

यह भी सामने आया कि सिसौना में जो चार दुकानें किराए पर लेकर रवीश बिजनेस कर रहा था, उन दुकानों को 30 जून तक खाली करने का उसे अल्टीमेटम मिला था। 13 दिसंबर 2015 को खटीमा के चर्चित शुभम हत्याकांड एंगल पर भी जांच कर रही है। मृतक शुभम रवीश की साली का लड़का था और शुभम हत्याकांड में परिजनों तक के नारकोटिक्स टेस्ट तक किए गए थे, लेकिन घटना का खुलासा नहीं हो पाया था। इस तरह अभी तक पुलिस की जांच तीन एंगलों पर चल रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें