रुद्रपुर की रामपुर सीमा पर रोडवेज बस के नट बोल्ट देखता चालक।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। मुरादाबाद से यात्रियों को लेकर रुद्रपुर आ रही यूपी रोडवेज की बस के बायीं तरफ के पिछले टायर के नट बोल्ट निकल गए। रामपुर सीमा पर बस को रोका गया तो पहिये से निकले नट बोल्ट देखकर चालक, परिचालक और यात्रियों के होश उड़ गए। गनीमत रही कि टायर में कुछ नट बोल्ट बचे थे नहीं तो टायर निकलने से हादसा हो सकता था।
शुक्रवार को पीतलनगरी डिपो की रोडवेज बस (यूपी 77 एएन 2805) मुरादाबाद डिपो से 30 यात्रियों को लेकर रुद्रपुर के लिए रवाना हुई थी। वहां से बस को हल्द्वानी जाना था। रामपुर सीमा पर तैनात पुलिस कर्मियों ने यात्रियों की कोरोना जांच के लिए बस को रोका। तभी रुद्रपुर निवासी ललित पांडेय की नजर बस के पिछले टायर पर पड़ी तो पांच में से तीन नट बोल्ट गायब थे। उन्होंने इसकी जानकारी चालक और परिचालक को दी तो वह यह देखकर सन्न रह गए। चालक धर्मवीर सिंह और परिचालक रजनीश कुमार ने बताया कि वह मुरादाबाद से बस को लेकर रुद्रपुर के लिए निकले थे। इससे पहले मुरादाबाद डिपो स्थित वर्कशॉप में टायर का पंक्चर ठीक कराया गया था।
उन्होंने वर्कशॉप कर्मचारी पर लापरवाही का आरोप लगाया। इस मामले में चालक धर्मवीर सिंह ने मुरादाबाद डिपो के आरएम को कॉल पर सूचना दी। आरएम ने वर्कशॉप कर्मचारी से स्पष्टीकरण मांगने की बात कही है। वहीं, सीमा पर बस के नेट बोल्ट को कसवाने के बाद बस रुद्रपुर से होकर हल्द्वानी के लिए रवाना हुई।