चोर पड़ोस की दीवार लांघकर एक छत में पहुंचे। फिर कमरे से लाखों के जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। घटना की तहरीर पुलिस को सौंप दी गई है।
कुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम बैलजुड़ी निवासी हामिद हुसैन का दो मंजिला मकान है। नीचे हामिद का परिवार और दोमंजिले में उसका पुत्र अब्दुल खालिद अपनी पत्नी नगमा के साथ रहता है। बीते सोमवार की रात परिवार के कुछ सदस्य पड़ोस में स्थित मदरसे आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। देर रात्रि चोर हामिद के बराबर में स्थित हाकम अली के घर की दीवार फांदकर सीढ़ी के रास्ते छत पर पहुंच गए। जहां उन्होंने हामिद के पुत्र खालिद के कमरे में घुसकर वहां रखी आलमारी का लाकर तोड़ा। फिर उसमें से जेवरात और नगदी उड़ा ली। चोर बैड का सामान भी अस्त-व्यस्त कर गए।
रात करीब 1.20 बजे मदरसे गए परिजनों ने खुली आलमारी और अस्त-व्यस्त सामान देखा तो चोरी का पता चला। हामिद हुसैन ने बताया कि चोर 13 तोला सोने और आधा किलो चांदी के जेवर समेत करीब 22 हजार की नगदी उड़ा ले गए। सूचना पर कुंडा थाना पुलिस ने मौका मुआयना कर मामले की जानकारी ली।