काशीपुर। अब दो सौ बेड का नया मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल नहीं बनेगा। बजट के अभाव में सिर्फ केंद्र से मिले 64 करोड़ रुपये की लागत से 105 बेड के अस्पताल की ही स्वीकृति दी गई है। तत्कालीन कार्यदायी संस्था ने राज्य सरकार से इसके लिए 112 करोड़ का बजट मांगा था। लंबे समय से विभागों में घूम रहीं फाइलों को अब रोक दिया गया है। नई कार्यदायी संस्था से इसे केंद्र से मिले बजट में ही तैयार करने को कहा गया है।
वर्ष 2023 में 30 सितंबर को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय काशीपुर का निरीक्षण किया था। विशेषज्ञ चिकित्सकों, स्टाफ की भारी कमी, ट्रामा सेंटर का क्षेत्रवासियों को लाभ नहीं मिलना आदि समस्याओं को देखते उन्होंने अस्पताल में 200 बेड का मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल बनाने की घोषणा की थी। इसके लिए प्रस्ताव तैयार करने के तत्कालीन सीएमओ को निर्देश दिए थे। करीब 64 करोड़ रुपये का बजट केंद्र सरकार से जारी भी हो गया था।
कार्यदायी संस्था पेयजल निर्माण निगम हल्द्वानी को जिम्मा सौंपा गया था लेकिन उन्होंने 200 बेड के अस्पताल निर्माण के लिए करीब 112 करोड़ का प्रस्ताव रखा था। लंबे समय से विभागों के बीच प्रस्ताव की फाइल घूमती रही। अंत में बजट की स्वीकृति नहीं मिलने पर केंद्र से मिले बजट में ही अस्पताल तैयार करने के निर्देश दिए गए। अब दो साल बाद कार्यदायी संस्था पेयजल निर्माण निगम ऊधमसिंह को कार्य का जिम्मा सौंपा गया है। ऐसे में 64 करोड़ में 105 बेड का ही अस्पताल बनाने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद
कोट
इंजीनियर और कार्यदायी संस्था के कर्मियों को अस्पताल की भौतिक स्थिति को दिखा दिया है। अस्पताल में प्रवेश करते समय ओपीडी बनाई जाएगी। महिला रोग विभाग, बाल रोग विभाग और ओटी विभाग वेटिंग हॉल, 21 बेड इमरजेंसी में माइनर ओटी भी होगी। नए भवन निर्माण के लिए करीब 64 करोड़ एनएचएम के माध्यम से प्राप्त हो चुके हैं। - डॉ. केके अग्रवाल, सीएमओ, ऊधमसिंह नगर
कोट
95 बेड का पुराना अस्पताल है। 105 बेड का अस्पताल नया बनाया जाएगा। कल भी इसकी नपाई होगी। 15 दिन बाद प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाएगा। यह मॉडर्न अस्पताल बनेगा। इसमें तीन-चार तल होंगे और लिफ्ट भी लग सकती है। यह नक्शा तैयार होने के बाद ही पता लगेगा। 64 करोड़ में ही अस्पताल का निर्माण करना है। - नरेंद्र नवानी, प्रोजेक्ट मैनेजर, पेयजल निर्माण निगम ऊधमसिंह नगर