रुद्रपुर। नैनीताल के गेठिया पायलट बाबा आश्रम के पास दो जवान बेटों की एक साथ हुई मौत से बुजुर्ग उन्नति प्रसाद के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बेटों की मौत के सदमे में बुजुर्ग पिता बदहवास से हो गए और फिर दहाड़े मार-मारकर रोने लगे। बड़े भाइयों व भाभियों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में दिनभर कोहराम मचा रहा। घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा।
रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप से 26 जून को हल्द्वानी के खालसा गर्ल्स इंटर कॉलेज में फार्मेसी की परीक्षा देने गए दो सगे भाई राजकुुमार (23) व रामलखन (19) रहस्यमयी तरीके से लापता हो गए थे। शनिवार को दोनों भाइयों के शव नैनीताल के गेठिया पायलट बाबा आश्रम के पास 600 फीट नीचे खाई में मिले। उनकी मौत की सूचना जब परिवार को मिली तो कोहराम मच गया। बेटों की मौत की खबर सुनते ही बुजुर्ग पिता उन्नति प्रसाद बदहवास हो गए।
तीनों बड़े भाई व भाभियों में भी कोहराम मच गया। देखते ही घर के बाहर लोगों की भीड़ लग गई। जिसने भी यह दुखद खबर सुनी वह दौड़ा-दौड़ा पहुंचा। लोगों ने बताया कि राजकुमार अपने छोटे भाई रामलखन को फॉर्मेसी की परीक्षा दिलवाने हल्द्वानी के खालसा गर्ल्स इंटर कॉलेज ले गया था लेकिन दोनों भाई घर नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद उनका पता नहीं चल सका था। बड़े भाई जगदीश ने हल्द्वानी की भोटिया पड़ाव पुलिस चौकी में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
इसके बाद पुलिस टीम लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी। शनिवार को उनके शव और बाइक गेठिया के पास खाई से बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक दोनों की आखिरी लोकेशन ज्योलीकोट के आसपास मिली थी। पुलिस ने पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों के शव देर शाम घर पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार किया गया।
20 वर्ष पहले बहेड़ी से आकर रुद्रपुर में बसा था परिवार
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप निवासी उन्नति प्रसाद मूल रूप से बहेड़ी (यूपी) के रहने वाले हैं। करीब 20 वर्ष पहले वह परिवार के साथ रुद्रपुर आकर बस गए थे। यहां मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करते थे। उनके पांच बेटों में से राजकुमार चौथे व सबसे छोटा रामलखन (19) पांचवें नंबर का था। मजदूरी के बावजूद उन्नति प्रसाद ने बच्चों की पढ़ाई में कोई कसर नहीं छोड़ी। उनके तीनों बड़े बेटे अपना कारोबार करते हैं। राजकुमार ने इसी वर्ष भीमताल से फार्मेसी की पढ़ाई की थी जबकि छोटा बेटा रामलखन 26 जून को फार्मेसी की पढ़ाई के लिए प्रवेश परीक्षा देने हल्द्वानी गया था। संवाद
घर में सूचना दिए बगैर घूमने चले गए थे दोनों भाई
रुद्रपुर। परिजनों ने बताया कि दोनों भाइयों ने हल्द्वानी के कॉलेज में पहुंचने के बाद घर में सूचित किया था, लेकिन परीक्षा खत्म होने के बाद वे बिना सूचना दिए पहाड़ की तरफ चले गए थे। देर शाम तक उनके घर न लौटने पर जब परिवार के लोगों ने उनके मोबाइल नंबर पर फोन किया तो फोन स्विच ऑफ आए, जिससे परिजन घबरा गए। उन्होंने उनके दोस्तों से भी जानकारी जुटाई लेकिन कुछ पता नहीं चला। परिजनों का अनुमान है कि दोनो भाई परीक्षा देने के बाद बाइक से सीधे पहाड़ की तरफ चले गए होंगे, जहां उनके साथ हादसा हो गया।
पढ़ाई में अव्वल थे दोनों भाई
रुद्रपुर। क्षेत्रीय पार्षद किरन राठौर ने बताया कि दोनों भाई राजकुमार और रामलखन पढ़ने में अव्वल और गंभीर प्रवृत्ति के थे। उनका कभी भी किसी से कोई विवाद भी नहीं हुआ। पिता पहले मजदूरी करते थे लेकिन अब घर पर परचून की दुकान चलाते हैं। दोनों होनहार बेटों को खोकर पिता उन्नति प्रसाद गहरे सदमे में हैं। संवाद
विधायक व पूर्व विधायक ने परिवार को ढाढ़स बंधाया
रुद्रपुर। दुखद घड़ी में विधायक शिव अरोरा और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने मृतकों के घर पहुंचकर परिवार को ढाढ़स बंधाया। लापता भाइयों की तलाश के लिए पूर्व विधायक ठुकराल तीन दिन पहले परिजनों के साथ नैनीताल एसपी से भी मिले थे। वहीं विधायक अरोरा पोस्टमार्टम हाउस में दिनभर मौजूद रहे। पूर्व विधायक ठुकराल ने अंतिम संस्कार के लिए लकड़ियों की व्यवस्था करवाई। संवाद
बेटों की मौत के बाद बदहवास पिता उन्नति प्रसाद।- फोटो : RUDRAPUR
मृतक रामलखन की फाइल फोटो।- फोटो : RUDRAPUR
मृतक राजकुमार की फाइल फोटो।- फोटो : RUDRAPUR