रुद्रपुर में मेट्रोपोलिस प्रबंधन का पुतला फूंकते कालोनी के लोग
- फोटो : amar ujala
शहर की पॉश कालोनी मेट्रोपोलिस सिटी में रखरखाव शुल्क बढ़ाए जाने के खिलाफ कालोनीवासी और राज्य आंदोलनकारी अवतार सिंह बिष्ट का आमरण अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा। गुस्साए लोगों ने विरोध प्रदर्शन कर मेट्रोपोलिस प्रबंधन का पुतला फूंका। वे प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग को लेकर एसडीएम से भी मिले।
रखरखाव शुल्क बढ़ाए जाने के विरोध में मेट्रोपोलिस अपार्टमेंट ऑनर्स वेलफेयर सोसाइटी के प्रसार सचिव अवतार सिंह बिष्ट का आमरण अनशन बुधवार को भी जारी रहा। अनशनल स्थल पर एकत्र कालोनी के लोगों ने प्रबंधन का पुतला जलाकर आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कि प्रबंधन की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि बढ़ा हुआ शुल्क वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने मामले में प्रशासन पर भी उदासीनता का आरोप लगाया।
इस मौके पर जितेंद्र यादव, दीपक बोरा, केडी खुल्लर, चिराग जैन, सज्जन कुमार, बीबी पंत,वीरपाल सिंह, एसएस बोरा, मेनका मलिक, राकेश शर्मा, सुमन बोरा, मंजरी बत्रा, चंद्रा जोशी सहित अनेक मौजूद रहे। इधर मेट्रोपोलिस के सुविधा हेड नरेश शर्मा ने बताया कि बढ़ते खर्च को देखते हुए नौ साल बाद रखरखाव शुल्क बढ़ाया गया है। इसको लेकर दो साल से सिटी के लोगों के साथ बैठकें चल रही थीं, लेकिन वे शुल्क बढ़ाने के लिए राजी नहीं थे।