महावीर सिंह का फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। कार की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठा उनका भांजा बाल-बाल बच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
कुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम लालपुर बक्सौरा निवासी जितेंद्र सिंह (36) पुत्र तोलाराम शनिवार रात अपने भांजे दीपक को लेकर पीरूमदारा स्थित अपने ससुराल जा रहा था। रात करीब नौ बजे रामनगर रोड पर केलामोड़ के पास कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में जितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भांजा दीपक छटककर दूर जा गिरा। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक फरार हो गया। सूचना पर पहुंचे एसआई पान सिंह तोमक्याल ने पंचनामा भरा। जितेंद्र के परिवार में पत्नी रेखा के अलावा एक पुत्री और दो पुत्र हैं। तहरीर न मिलने के कारण मामले में अब तक मुकदमा दर्ज नहीं हो सका है।
नैनीताल राइंका में शिक्षक थे महावीर
काशीपुर। सुल्तानपुरपट्टी में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मरे महावीर सिंह नैनीताल के बगड़ स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में अर्थशास्त्र के प्रवक्ता के पद पर कार्यरत थे। रविवार व सोमवार का अवकाश होने के कारण शनिवार की शाम महावीर काशीपुर में वैशाली कॉलोनी स्थित अपने घर लौट रहे थे। सुल्तानपुरपट्टी के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। वह अपने पीछे पत्नी के अलावा दो पुत्र और दो पुत्रियां छोड़ गए हैं। दोनों पुत्रियों की शादी हो चुकी है। बड़ा बेटा शादीशुदा और छोटा बेटा अविवाहित है। (संवाद)