जसपुर। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के सदस्यों ने निर्णय लिया है कि यदि सरकार नादेही चीनी मिल को पीपी मोड पर देगी तो किसान इसका विरोध करेंगे। उन्होंने इस संबंध में मासिक पंचायत कर कई और प्रस्ताव पास किए। साथ ही मांगों का एक ज्ञापन एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा।
मंडी समिति परिसर में आयोजित बैठक में किसानों ने कहा कि मौसम खराब होने से किसानों की फसल का नुकसान हुआ है। इस नुकसान का उन्हें 200 रुपये प्रति क्विंटल बोनस दिया जाए। किसानों ने इसके अलावा गेहूं खरीद केंद्र के अतिरिक्त तीन और कांटे लगाए जाने, खेत के ऊपर से गुजर रहे जर्जर एवं ढीले तारों की ठीक करने, यूरिया एवं एनपी खाद की समय से पूर्ति कराने, सीड प्लांट पर तोले जाने वाले गेहूं में एक क्विंटल पर आधा किलो की कटौती किए जाने की मांग की। बैठक की अध्यक्षता तारा सिंह ने की। बैठक में भाकियू के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम सिंह सहोता, ब्लॉक अध्यक्ष अमनप्रीत सिंह, जगजीत सिंह भुल्लर, चौधरी किशन सिंह, शीतल सिंह, संजीव, जसवीर, जागीर सिंह आदि मौजूद रहे।